दिल्ली में 4 लाख से ज्यादा नए पंजीकरण, एसआईआर पर सीईओ कार्यालय की ताजा रिपोर्ट जारी
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने डेली बुलेटिन जारी किया है। पुराना सेंट स्टीफेंस कॉलेज बिल्डिंग, कश्मीरी गेट स्थित कार्यालय से जारी इस बुलेटिन में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।
यह स्टेटस रिपोर्ट 8 अक्टूबर 2026 की है और 31 अगस्त 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले दावा एवं आपत्ति अवधि से संबंधित है।
बुलेटिन के आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली में नए मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह है। फॉर्म-6 यानी नए पंजीकरण के तहत 30 अगस्त तक कुल 2,12,400 फॉर्म प्राप्त हुए थे, जबकि 31 अगस्त से 7 अक्टूबर तक 2,02,359 नए फॉर्म और प्राप्त हुए हैं। इस तरह अब तक 4 लाख से ज्यादा लोगों ने नए वोटर के तौर पर आवेदन किया है। जिलेवार आंकड़ों में साउथ ईस्ट जिले में 24,923 और 19,931, वेस्ट जिले में 28,820 और 24,933 तथा नॉर्थ वेस्ट में 21,640 और 21,345 फॉर्म प्राप्त हुए हैं, जो सबसे अधिक हैं।
प्रवासी मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए के तहत 30 अगस्त तक 1351 और उसके बाद 31 अगस्त से 7 अक्टूबर तक 366 फॉर्म मिले हैं। वहीं फॉर्म-7, जो नाम हटाने की आपत्ति के लिए होता है, उसके तहत 30 अगस्त तक 51,471 और बाद की अवधि में 6,077 फॉर्म प्राप्त हुए हैं। इसमें साउथ ईस्ट में सबसे ज्यादा 14,659 आपत्तियां दर्ज की गई थीं। सुधार और पते के स्थानांतरण के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-8 के तहत 30 अगस्त तक 2,60,768 और 31 अगस्त से 7 अक्टूबर तक 75,280 फॉर्म प्राप्त हुए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि प्रारूप मतदाता सूची 31 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित कर दी गई है। इसे सीईओ दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा और डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा, यह सूची सभी मतदान केंद्रों पर भी उपलब्ध है।
कार्यालय ने मतदाताओं से अपील की है कि वे सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि नाम नहीं है तो अंतिम मतदाता सूची में शामिल होने के लिए ईसीआई द्वारा निर्धारित घोषणा और सहायक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरें। 1 अक्टूबर 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं। पते में बदलाव या अन्य सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
बताया गया है कि 30 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निपटारा 30 नवंबर 2026 तक कर दिया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 4 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी