☰
×

दिल्ली में प्रदर्शनों से कारोबार प्रभावित होने का आरोप; सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस, आप, सीजेपी को जारी किया नोटिस

 

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों के कारण कारोबार प्रभावित होने का आरोप लगाने वाली व्यापारियों की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), सीजेपी और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) को नोटिस जारी किया है। याचिका किराना कमेटी दिल्ली और दिल्ली आयरन एंड हार्डवेयर मर्चेंट एसोसिएशन की ओर से दाखिल की गई है।

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि दिल्ली में पिछले महीने हुए प्रदर्शनों के कारण सेंट्रल दिल्ली में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। व्यापारियों ने विरोध-प्रदर्शनों और रैलियों पर रोक लगाने की मांग की है।

व्यापारियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने अदालत को बताया कि जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शनों से कारोबार प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान के आसपास भी कई थोक बाजार हैं। ऐसे में वहां आयोजित होने वाले प्रदर्शनों और रैलियों से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से प्रदर्शन आयोजित करने वाले संगठनों को भी मामले में प्रतिवादी बनाने को कहा था। इसके बाद व्यापारियों ने अपनी याचिका में संशोधन किया। बुधवार को संशोधित याचिका को रिकॉर्ड पर लेते हुए शीर्ष अदालत ने नए जोड़े गए प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया।

सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा कि व्यापारियों की याचिका पर उन अन्य याचिकाओं के साथ सुनवाई की जाएगी, जिनमें राष्ट्रीय राजधानी में विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर अधिकारियों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को चुनौती दी गई है। इन सभी याचिकाओं पर सुनवाई के लिए फिलहाल 27 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई है।

सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन करने के अधिकार और कारोबार करने के अधिकार के बीच संतुलन होना चाहिए। ये दोनों ही मौलिक अधिकार हैं और इनके बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

--आईएएनएस

डीएससी