×

दिल्ली में हैरी बॉक्सर और अनिल पंडित गैंग के 3 शार्प शूटर गिरफ्तार, कारोबारी से मांगी थी 5 करोड़ की रंगदारी

 

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम और रोहिणी नॉर्थ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात हैरी बॉक्सर और अनिल पंडित गैंग से जुड़े तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

नॉर्दर्न रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने बताया समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि मार्च महीने में रोहिणी क्षेत्र के एक कारोबारी को फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था। पीड़ित की शिकायत पर रोहिणी नॉर्थ थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच की जिम्मेदारी स्पेशल स्टाफ को भी सौंपी गई।

जांच के दौरान सामने आया कि जून में आरोपियों ने रंगदारी की रकम बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये कर दी। इसके बाद 4 जुलाई को कारोबारी को दोबारा धमकी दी गई। आरोपियों ने कारोबारी के घर की रेकी की, उसकी तस्वीरें और वीडियो भेजकर उसे डराने की कोशिश की ताकि वह रंगदारी की रकम देने के लिए मजबूर हो जाए।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनव सिंह उर्फ मोटा उर्फ आकाश, विवेक यादव और शिव गोविंद के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि अभिनव सिंह का संपर्क विदेश में बैठकर गैंग संचालित करने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित से था।

पुलिस का कहना है कि यह पूरा गिरोह संगठित तरीके से रंगदारी वसूलने का काम करता था और कारोबारी को लगातार धमकियां देकर रकम वसूलने की कोशिश कर रहा था।

जॉइंट सीपी विजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी गैंग के सक्रिय शार्प शूटर हैं और इनके पास से बरामद हथियारों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन-किन वारदातों में किया गया है। साथ ही, गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम