दिल्ली लक्ष्मी योजना को मिली मंजूरी, 1 अगस्त से शुरू होंगे पंजीकरण; महिलाओं ने सीएम रेखा गुप्ता का जताया आभार
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं दिल्ली सचिवालय पहुंचीं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने इस योजना को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राहतकारी कदम बताते हुए सरकार के निर्णय का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें महिलाओं के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार है। दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होगी। यह योजना नारी शक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी मददगार साबित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हर बेटी, हर बहन और हर परिवार के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।
भारतीय जनता पार्टी की सांसद बांसुरी स्वराज ने भी योजना का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई दी। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए की सहायता दी जाएगी। उनके अनुसार, इस योजना से 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है। योजना का पोर्टल 1 अगस्त से खुल जाएगा और पहली किस्त रक्षाबंधन तक लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।" उन्होंने इसे दिल्ली की महिलाओं और माताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
योजना की घोषणा के बाद महिलाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। दिल्ली सचिवालय पहुंची अनीता अग्रवाल ने कहा, "मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया है। यह योजना महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी और इससे हजारों परिवारों को आर्थिक सहारा मिलेगा।"
वहीं, एक अन्य महिला ने कहा, "सरकार की यह पहल विशेष रूप से जरूरतमंद बहनों के लिए राहत लेकर आई है। इस योजना से लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और उनके चेहरों पर खुशी दिखाई देगी।"
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का धन्यवाद करते हुए कहा कि दिल्ली में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं के लिए इस तरह की योजना शुरू होना स्वागत योग्य कदम है। महिलाओं का मानना है कि दिल्ली लक्ष्मी योजना आर्थिक सशक्तिकरण के साथ सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूती प्रदान करेगी।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम