×

दिल्ली के इस अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट बनने का अवसर, 27 अगस्त को वॉक-इन इंटरव्यू

 

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिल्ली स्थित आचार्यश्री भिक्षु सरकारी अस्पताल (एबीजीएच) ने एडहॉक के आधार पर विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट्स पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।

एबीजी अस्पताल की ओर से अपने जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें बच्चों के विभाग में 2, स्त्री रोग विभाग में 2, आपातकालीन विभाग में 1 और एनेस्थीसिया में 2 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विभाग के अनुसार पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री (एमडी/डीएनबी/बीआईएल) या इसके बराबर; या जूनियर रेजिडेंट के तौर पर 3 वर्ष का अनुभव (संबंधित विभाग में 2 वर्ष) का अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू 27 अगस्त को 'कॉन्फ़्रेंस रूम, एबीजी अस्पताल' में सुबह 11.30 बजे से आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए पते पर उम्मीदवारों का रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 से 11 बजे के बीच तय किया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एबीजी अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी