☰
×

दिल्ली के इस अस्पताल में 64 सीनियर रेजिडेंट पदों पर नियुक्ति का अवसर, जानें डिटेल्स

 

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, दिल्ली के लोक नायक अस्पताल ने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 64 पदों पर रिक्तियों की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।

लोक नायक अस्पताल के जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 64 पदों पर भर्ती निकली है, उनमें रेडियोलॉजी में 1, मेडिसिन में 8, बायोकेमिस्ट्री में 1, जनरल सर्जरी में 8, बर्न्स और प्लास्टिक में 9, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी में 6, पीडियाट्रिक्स में 9, नियोनेटोलॉजी में 1, माइक्रोबायोलॉजी में 1, रेडियोथेरेपी में 1, न्यूरोसर्जरी में 12, न्यूरो-एनेस्थीसिया में 1, एनेस्थीसिया में 4, क्लिनिकल पैथोलॉजी में 1 और मेडिकल जेनेटिक्स में 1 पद शामिल हैं।

इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पे-लेवल 11 के तहत 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित स्पेशलिटी में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/डीएनबी/डिप्लोमा या पोस्ट डॉक्टोरल डिग्री के साथ एमबीबीएस होनी चाहिए। आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू हर महीने के दूसरे और आखिरी मंगलवार को 'कॉन्फ्रेंस हॉल, मेडिकल डायरेक्टर का कार्यालय, लोक नायक अस्पताल, नई दिल्ली-110002' पते पर सुबह 10:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि लोक नायक अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर नियुक्ति एडहॉक आधार पर 44 दिनों के लिए होगी, जिसे अधिकतम तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है या रेगुलर सीनियर रेजिडेंट के जॉइन करने तक, जो भी पहले हो, भारत सरकार की रेजिडेंसी स्कीम के अनुसार होगा।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी