दिल्ली के इस अस्पताल में 12 सीनियर रेजिडेंट पदों पर वैकेंसी, वॉक-इन-इंटरव्यू से होगा चयन, जानें डिटेल
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दिल्ली के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल (एसआरएचसीएच) ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 12 पदों पर नियुक्ति की घोषणा करते हुए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एसआरएचसीएच की ओर से जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें एनेस्थीसिया में 2, रेडियोलॉजी में 4, ऑर्थोपेडिक्स में 2, ऑब्स एंड गाइनी में 1, सर्जरी में 2 और पैथोलॉजी में 1 पद शामिल हैं।
सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमबीबीएस के साथ पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा और दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन (रेजिडेंसी स्कीम के अनुसार) होना चाहिए। वहीं, सीनियर रेजिडेंट के इन पदों के लिए अगर पीजी कैंडिडेट उपलब्ध नहीं हों, तो ऐसे कैंडिडेट्स पर भी एड-हॉक आधार पर नियुक्ति के लिए विचार किया जा सकता है, जिनके पास एमबीबीएस के साथ दो वर्ष का अनुभव हो (जिसमें संबंधित/समकक्ष विभाग/स्पेशियलिटी में कम से कम एक वर्ष का अनुभव किसी मान्यता प्राप्त सरकारी अस्पताल/संस्थान से हो), बशर्ते वे अन्य सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हों।
आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन-इंटरव्यू अक्टूबर-2026 के महीने में हर सोमवार से शुक्रवार तक (सरकारी छुट्टियों को छोड़कर) 'सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल (एसआरएचसीएच) के कॉन्फ्रेंस रूम (कमरा नंबर 103)' में सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच आयोजित किया जाएगा। ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी ले जाने की सलाह दी जाती है।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एसआरएचसीएच की ओर से यह नियुक्ति पूरी तरह से एड-हॉक (अस्थायी) आधार पर 89 दिनों की अवधि के लिए या नियमित उम्मीदवार के शामिल होने तक (जो भी पहले हो) होगी। इसे अधिकतम तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है, बशर्ते कि सेवा संतोषजनक पाई जाए।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम