दिल्ली के भगवान महावीर अस्पताल में नौकरी का मौका, सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे हैं, उनके लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। भगवान महावीर अस्पताल दिल्ली ने सीनियर रेजिडेंट के कुल 5 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
अस्पताल की ओर से जारी पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतनमान मैट्रिक्स, लेवल-10 के अनुसार 56,100 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों के पास दिल्ली मेडिकल काउंसिल (एमसीआई) से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एमबीबीएस डिग्री और इंटर्नशिप पूर्ण करने का प्रमाण पत्र होना चाहिए। ध्यान दें, जिन कैंडिडेट्स ने इंटर्नशिप 15 अप्रैल 2024 से 14 अप्रैल 2026 के बीच पूर्ण की है, वे ही पात्र होंगे। इसी के साथ अभ्यर्थियों का दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण होना अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तारीख के हिसाब से की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
भगवान महावीर अस्पताल की ओर से वॉक-इन-इंटरव्यू 15 अप्रैल को सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक 'कमरा नंबर-132, भगवान महावीर अस्पताल, जीएनसीटीडी, पीतमपुरा, दिल्ली-110034' पते पर किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं। उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के साथ अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को ले जाने की सलाह दी जाती है।
वहीं, भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, सैलरी, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए कैंडिडेट्स भगवान महावीर अस्पताल की ऑधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद, वे संबंधित पद के लिए जारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी