×

दिल्ली कांग्रेस ने ओबीसी विभाग की नई टीम का किया गठन, देवेंद्र यादव बोले- जमीनी स्तर पर मजबूत हो रही पार्टी

 

नई दिल्‍ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि 'संगठन सृजन अभियान' के तहत कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूत हो रही है और डीपीसीसी के साथ-साथ फ्रंटल संगठन, विभागों की सेल और कार्यकारी समितियां, एडवाइजरी काउंसिल और जिला व ब्लॉक स्तर की कमेटियां बनाई जा रही हैं।

देवेंद्र यादव ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि एआईसीसी के ओबीसी विभाग के चेयरमैन डॉ. अनिल जयहिंद के निर्देश पर दिल्ली प्रदेश ओबीसी कांग्रेस की एडवाइजरी काउंसिल, नई राज्य कमेटी और जिला अध्यक्षों का गठन किया गया। इसके तहत, 12 सितंबर को जारी नियुक्ति अधिसूचना में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के चेयरमैन राजीव वर्मा के नेतृत्व में 51 एडवाइजरी काउंसिल सदस्य, 21 राज्य उपाध्यक्ष, 23 राज्य महासचिव, 24 राज्य सचिव और 13 जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।

देवेंद्र यादव ने कहा कि ओबीसी चेयरमैन राजीव वर्मा संगठन को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी द्वारा सामाजिक न्याय के संकल्प को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। नई टीम दिल्ली के हर जिले, ब्लॉक और बूथ पर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जाति जनगणना, ओबीसी आरक्षण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सामाजिक समानता, न्याय और 'जितनी आबादी, उतना हक' की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगी।

राजीव वर्मा ने कहा कि 'जितनी आबादी, उतना हक' सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के लिए हमारा संकल्प है। दिल्ली प्रदेश ओबीसी कांग्रेस इस संकल्प को लोगों तक पहुंचाने और ओबीस समाज के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत और प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि नई टीम दिल्ली प्रदेश ओबीसी कांग्रेस को एक मजबूत, सक्रिय और संघर्षशील संगठन के रूप में और मजबूत करेगी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को जमीनी स्तर तक ले जाएगी।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी