दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड में असिस्टेंट इंजीनियर सहित कई पदों पर भर्ती का अंतिम मौका, फटाफट भरें फॉर्म
नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के हाथ से एक बेहतरीन मौका निकलने वाला है। दिल्ली छावनी बोर्ड (दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड) ने असिस्टेंट इंजीनियर सहित विभिन्न 9 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
डीसीबी की ओर से जारी 9 रिक्तियों में असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल) के 2, असिस्टेंट इंजीनियर (मैकेनिकल) के 1, जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 5 और जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त तक तय की गई है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक इन पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 14 अगस्त तक अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/बोर्ड/संस्थान से संबंधित पोस्ट और विषय के अनुसार सिविल/मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री; या सिविल/मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्ष का डिप्लोमा होना चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेजों की जांच और मेडिकल फिटनेस टेस्ट के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी असिस्टेंट इंजीनियर पदों के लिए 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच और जूनियर इंजीनियर पोस्ट के लिए 35,400 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 850 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाएं, एससी/एसटी, बेंचमार्क विकलांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी), विधवाएं, तलाकशुदा महिलाएं और ऐसी महिलाएं जो कानूनी तौर पर अपने पतियों से अलग हो चुकी हैं और जिन्होंने दोबारा शादी नहीं की है, पूर्व-सैनिक/ट्रांसजेंडर व्यक्ति और विभागीय उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी