×

दिल्ली ब्लास्ट के पीड़ितों से 'आप' प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, घटना पर जताया दुख

 

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। लाल किले के पास हुए बम ब्लास्ट के बाद दिल्ली में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में मंगलवार को पार्टी का प्रतिनिधिमंडल एलएनजेपी अस्पताल पहुंचा और घायल एवं मृतकों के परिवारों से मुलाकात की।

पीड़ित परिवारों ने प्रतिनिधिमंडल के सामने अस्पताल की अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही के कई आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि मृतकों के शव ले जाने के लिए परिवारों को एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

परिवारों की व्यथा सुनने के बाद सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “मृतकों को ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं दी जा रही, यह बेहद अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। एलएनजेपी में केंद्रीय गृह मंत्री पहुंचे, मुख्यमंत्री पहुंचीं, परिजनों को बड़े-बड़े उपदेश दिए और दुख बांटने की बातें कहीं, लेकिन असल में परिवारों की मदद के नाम पर कुछ भी नहीं हुआ।"

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार और अस्पताल प्रशासन सिर्फ सोशल मीडिया पर संवेदनाएं लिखकर कर्तव्य पूरा समझ रहे हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों की असली जरूरतों को पूरा नहीं किया जा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि एलएनजेपी दिल्ली का सबसे बड़ा अस्पताल है और यदि यहां ऐसी स्थिति है तो छोटे अस्पतालों की हालत आसानी से समझी जा सकती है।

प्रतिनिधिमंडल में विधायक दल के चीफ व्हिप संजीव झा, पूर्व मंत्री इमरान हुसैन, विधायक कुलदीप कुमार समेत वरिष्ठ नेता शामिल थे।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि कई लोग बिना पैसा, मोबाइल और दस्तावेज के अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्हें शव ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था खुद करने को कहा जा रहा है। भारद्वाज ने मांग की कि कम से कम घायल मरीजों को छुट्टी देते समय एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाए, क्योंकि सरकार और प्रशासन के पास वाहनों की कोई कमी नहीं है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वीडियो साझा कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि सरकार सिर्फ संवेदनाओं की भाषा बोल रही है, लेकिन जमीन पर हकीकत इसके बिल्कुल उलट है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी