×

नई दिल्ली : आदर्श नगर में पति-पत्नी पर चाकू से हमला, एक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

 

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक वारदात हुई, जिसमें झगड़े के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक की जांच में सामने आया है कि हमलावर और पीड़ित पहले से एक-दूसरे को जानते थे।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:01 बजे टीपीटी सेंटर झुग्गी, रेलवे ट्रैक, आजादपुर के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। घायल को तुरंत बीजेआरएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटनास्थल पर एक महिला गंभीर रूप से घायल हालत में मिली, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान राखी (आशु की पत्नी) के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति का नाम आशु बताया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। बताया गया कि विवाद तब शुरू हुआ जब तीन स्थानीय लड़कों ने पीड़ित के बेटे का मोबाइल फोन छीन लिया। जब आशु और उनकी पत्नी राखी ने इसका विरोध किया, तो बहस बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गई।

इसी दौरान दो आरोपियों ने चाकू से दोनों पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान ऋतिक, कुणाल और अरबाज के रूप में हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

घटनास्थल का निरीक्षण क्राइम टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीमों द्वारा किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि घायल आशु का बयान दर्ज होने के बाद औपचारिक एफआईआर दर्ज की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम