Delhi Accident: दशहरा ग्राउंड हादसे में घायल गुड़िया की मौत, परिजनों ने की न्याय की मांग
दिल्ली के विकासपुरी स्थित एफ ब्लॉक के दशहरा ग्राउंड में हुए हादसे में घायल 27 वर्षीय गुड़िया की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में 35 वर्षीय रवि भी घायल हुआ था, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। गुड़िया की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 जोड़ दी है। वहीं, मृतका के परिजनों ने अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
बहन पूजा ने उठाए कार्रवाई पर सवाल
मृतका की बहन पूजा के मुताबिक, हादसा रात करीब 1 बजे हुआ था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिवार को खुद व्यवस्था करनी पड़ी। पूजा का कहना है कि वे गुड़िया को अस्पताल लेकर गए, जहां पुलिस के दो अधिकारी भी पहुंचे थे, लेकिन अब तक कार्रवाई को लेकर उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिली है।
पूजा ने यह भी कहा कि हादसे के बाद भी मेला जारी है। परिजनों के मुताबिक, वे घायल को रिक्शे से अस्पताल लेकर गए थे। परिवार ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।
इलाज के दौरान गुड़िया ने तोड़ा दम
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल गुड़िया को राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 106 जोड़ दी।
वहीं, हादसे में घायल रवि की हालत गंभीर, लेकिन स्थिर बताई गई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बिहार की रहने वाली थी गुड़िया
पुलिस के मुताबिक, गुड़िया मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और अविवाहित थी। वह दिल्ली के उत्तम नगर में अपनी बहन और बहनोई के साथ रहती थी। गुड़िया घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।
हादसे की जांच जारी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
दूसरी ओर, गुड़िया की मौत के बाद उसके परिजन कार्रवाई में तेजी लाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।