×

देहरादून टी20 लीग: आकाश मधवाल संभालेंगे मसूरी थंडर की कमान, जानिए किस टीम में कौन कप्तान?

 

देहरादून, 29 अगस्त (आईएएनएस)। देहरादून टी20 लीग 2026 के पहले सीजन की शुरुआत 2 सितंबर से देहरादून की अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में होगी, जिससे पहले सभी छह फ्रेंचाइजी ने अपने कप्तानों के नामों की घोषणा कर दी है।

यह आठ दिवसीय लीग 2 से 9 सितंबर के बीच खेली जाएगी, जिसमें आईपीएल का अनुभव, घरेलू क्रिकेट की बेहतरीन प्रतिभा और उभरते हुए स्थानीय खिलाड़ी शामिल होंगे।

'डोईवाला किंग्स' की कमान टीएनआर मोहित संभालेंगे, जबकि 'मसूरी थंडर' की कप्तानी आकाश मधवाल को सौंपी गई है, जिन्हें आईपीएल में 17 मुकाबलों का अनुभव है। 'ऋषिकेश ड्रैगंस' ने युवराज चौधरी को कप्तान नियुक्त किया है और 'विकास नगर धमाका' की कप्तानी कुणाल चंदेला संभालेंगे। 'हरबर्टपुर नाइटराइडर्स' ने जगदीश सुचित को अपना कप्तान बनाया है, जबकि पीयूष जोशी 'सेलाकूई स्ट्राइकर्स' की अगुवाई करेंगे।

देहरादून टी20 लीग के सीईओनवनीत मिश्राने इन छह कप्तानों पर भरोसा जताते हुए उत्तराखंड में उभरती हुई क्रिकेट प्रतिभा को निखारने में उनकी भूमिका पर जोर दिया।

नवनीत मिश्रा ने कहा, "छह टीमों की कमान अनुभवी और काबिल खिलाड़ियों के हाथों में होना देहरादून टी20 लीग के लिए बहुत फायदेमंद है। आकाश मधवाल और जगदीश सुचित जैसे कप्तान आईपीएल और घरेलू क्रिकेट का कीमती अनुभव लेकर आए हैं, जबकि टीएनआर मोहित, युवराज चौधरी, कुणाल चंदेला और पीयूष जोशी स्थानीय क्रिकेट माहौल और इस क्षेत्र के खिलाड़ियों की क्षमता को अच्छी तरह समझते हैं। उनकी लीडरशिप न केवल प्रतियोगिता में, बल्कि युवा खिलाड़ियों को सीखने, ढलने और इस स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने में मदद करने के लिए भी बहुत अहम होगी।"

देहरादून टी20 लीग 2026 में कुल 18 मैच खेले जाएंगे, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें राउंड-रॉबिन लीग फॉर्मेट में मुकाबला करेंगी। नॉकआउट स्टेज में जगह बनाने के लिए प्रत्येक टीम पांच मैच खेलेगी। टॉप टीमें 8 सितंबर को होने वाले दो सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जिन्हें जीतने वाली टीमें 9 सितंबर को होने वाले फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगी।

--आईएएनएस

आरएसजी