☰
×

Dehradun News: डीबीएस कॉलेज में NSUI की जीत के बाद बवाल, दो छात्रों के अपहरण का आरोप; ABVP कार्यालय से एक छात्र मुक्त

 

देहरादून के डीबीएस पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई की जीत के बाद विवाद बढ़ गया। गुरुवार को कॉलेज परिसर में एनएसयूआई और एबीवीपी समर्थकों के बीच मारपीट के बाद देर रात दो छात्रों के कथित अपहरण का मामला सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक छात्र को करनपुर स्थित एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय से मुक्त कराया। डीबीएस पीजी कॉलेज में 29 सितंबर को हुए छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के अभिनव कफलिया ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने एबीवीपी के अभिषेक नेगी को 94 वोटों के अंतर से हराया था। इसके बाद गुरुवार को जीत का जश्न मनाने के दौरान छात्र गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया

मिठाई बांटने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे एनएसयूआई समर्थक छात्राएं कॉलेज परिसर में जीत की खुशी में मिठाई बांट रही थीं। इसी दौरान एबीवीपी समर्थक कुछ छात्राओं से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की और फिर मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के कई छात्रों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। विवाद की सूचना मिलने पर दोनों संगठनों के समर्थक छात्र भी मौके पर पहुंच गए। करीब ढाई घंटे तक कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने डालनवाला थाने पहुंचे, जहां भी उनके बीच विवाद होने की बात सामने आई।

रात में दो छात्रों के अपहरण का आरोप

मामला देर रात उस समय और गंभीर हो गया, जब एनएसयूआई से जुड़े दो छात्रों के अपहरण का आरोप लगाया गया। पुलिस के मुताबिक, छात्र ध्रुव और राहुल चुनाव में निर्वाचित अध्यक्ष अभिनव कफलिया के एटीएस कॉलोनी, तपोवन रोड स्थित कमरे में सो रहे थे।आरोप है कि एबीवीपी से जुड़े कुछ छात्र वहां पहुंचे और दोनों को जबरन अपने साथ ले गए। बताया गया कि राहुल को डीबीएस कॉलेज के पास करनपुर ले जाया गया, जबकि ध्रुव को करनपुर स्थित एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय में रखा गया।

पुलिस ने एबीवीपी कार्यालय से छात्र को कराया मुक्त

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम सक्रिय हुई। भारी पुलिस बल के साथ करनपुर स्थित एबीवीपी कार्यालय में दबिश दी गई, जहां से ध्रुव नाम के छात्र को मुक्त कराया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में हिमांशु कुमार, सुजीत थापा समेत तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर डीबीएस कॉलेज और करनपुर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।

कॉलेज प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने भी सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। प्राचार्य के अनुसार विवाद के दौरान कुछ बाहरी और दूसरे कॉलेजों के छात्र भी परिसर में पहुंचे थे। स्थिति को देखते हुए 2 अक्टूबर के अवकाश के साथ 3 अक्टूबर को भी कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया है। छात्रों को परिसर में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की जांच कर रही है। चुनाव परिणाम के बाद शुरू हुए विवाद में मारपीट और कथित अपहरण के आरोपों के चलते कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।