☰
×

दीपावली से पहले हाथरस पुलिस का एक्शन, अवैध पटाखा निर्माण पर छापेमारी, 2 गिरफ्तार

 

लखनऊ, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हाथरस में दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध आतिशबाजी निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। जनसुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से करीब 25 टन पोटाश और 8 टन गंधक यानी पोटैशियम सल्फेट बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अवैध आतिशबाजी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बरामदगी के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है। संभावित ठिकानों पर पुलिस की तलाश जारी है।

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक हाथरस, चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जानकारी दी कि जनपद हाथरस में दीपावली पर्व के दृष्टिगत जन सुरक्षा के निमित अवैध आतिशबाजी निर्माण सामग्री से संबंधित एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस क्रम में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और अभी 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाना बाकी है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 33 टन आतिशबाजी निर्माण संबंधित अवैध सामग्री बरामद हुई है, जिसमें 25 टन पोटास, जिसे पोटेशियम नाइट्रेट कहते हैं और 8 टन गंधक, जिसे पोटेशियम सल्फेट कहते हैं, जो बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस संबंध में अन्य स्थानों पर भी अभी सर्च ऑपरेशन जारी है।

उत्तर प्रदेश में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का दूसरा मामला बुधवार को महराजगंज से सामने आया, जहां सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने, लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बटोरने का खुमार एक युवक पर इस कदर हावी हुआ कि उसने देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर डाला।

युवक ने भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कैम्प को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से ब्लास्ट करते हुए दिखाया और इस सनसनीखेज वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कर दिया। ​

जैसे ही यह भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने फौरन डिजिटल सर्विलांस का सहारा लिया और कार्रवाई करते हुए अभियुक्त फैयाज अहमद को दबोच लिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के अकाउंट से उस आपत्तिजनक वीडियो को तुरंत डिलीट करवाया और उसे गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान फैयाज के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से अभियुक्त के खिलाफ चालान कर उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया है। ​

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी