☰
×

डेढ़ साल के संघर्ष के बाद शहीद अग्निवीर को मिला सम्मान, केंद्रीय मंत्री ने किया प्रतिमा का अनावरण

 

नूंह, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा में डेढ़ साल के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार गांव कुर्थला के शहीद अग्निवीर समय सिंह को सम्मान मिल ही गया। रविवार को नूंह जिले के गांव कुर्थला में शहीद अग्निवीर समय सिंह की प्रतिमा का अनावरण केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने किया। इस दौरान पूरा गांव देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि उन्हें एक शहीद की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए आमंत्रित किया गया, इस बात का उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि नूंह का छोटा सा गांव कुर्थला आज साहसिक गांव के रूप में हरियाणा में अलग पहचान रखता है। इस गांव से अब तक सात जवान देश के लिए शहीद हो चुके हैं।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि हरियाणा के कोने-कोने से ऐसे ही वीर पैदा होते रहें ताकि देश की रक्षा हो सके। कुर्थला से हरियाणा के हर गांव को प्रेरणा लेनी चाहिए। इस मौके पर उन्होंने गांव में कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।

शहीद अग्निवीर के पिता दलबीर सिंह पूर्व सैनिक हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इस सम्मान को पाने के लिए उन्हें लंबा संघर्ष करना पड़ा। ग्रामीणों ने इस लड़ाई में पूरा सहयोग दिया। जिला प्रशासन के सहयोग से रक्षा मंत्री तक से मुलाकात और पत्राचार किया गया। मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाई और जिला मुख्यालय के कई चक्कर लगाए, तब जाकर यह सम्मान मिला।

उन्होंने कहा, "जिस देश में शहीदों का सम्मान नहीं रहता, वह देश नहीं रहता। बेटे के लिए बहुत सपने संजोए थे, लेकिन उसने देश सेवा के लिए जान दे दी। बेटे की शुरू से ही फौज में जाने की इच्छा थी।" 19 साल की उम्र में शहादत देने वाले बेटे पर उन्हें गर्व है।

शहीद की बहन पूजा ने बताया कि प्रशासन, विशेष रूप से जिला उपायुक्त, वह आभार जताती हैं कि उनके भाई को सम्मान मिला है। उन्होंने बताया कि गांव के स्कूल का नामकरण भी शहीद अग्निवीर समय सिंह के नाम पर किया गया है। इसके लिए उन्होंने दफ्तरों के बहुत चक्कर काटे हैं।

पूजा ने मांग की कि शहीद स्थल की देखभाल के लिए दो कर्मचारी तैनात किए जाएं और लाइट की व्यवस्था की जाए, ताकि यह स्थल पूरी तरह से शहीद पार्क के रूप में विकसित हो सके। परिजनों ने प्रतिमा के अनावरण और स्कूल के नामकरण के लिए प्रशासन और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी