डेफ इंडियन प्रीमियर लीग: बैंगलोर बादशाह को 14 रन से मात देकर कोलकाता वॉरियर्स ने जीता खिताब
तिरुपति, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। कोलकाता वॉरियर्स ने फाइनल मैच में बैंगलोर बादशाह को 14 रनों से मात देकर 'डेफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026' का खिताब जीता। केवीएस स्पोर्ट्स पार्क क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में कोलकाता वॉरियर्स ने 15 ओवरों में 121/5 रन बनाए। इसके बाद बादशाह को 107/9 के स्कोर पर रोककर 14 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह चैंपियनशिप 1 से 4 अक्टूबर 2026 तक तिरुपति के केवीएस स्पोर्ट्स पार्क क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित की गई थी। इसने देशभर के मूक-बधिर क्रिकेटर्स को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान किया।
इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) के अध्यक्ष सुमित जैन ने टूर्नामेंट के समापन पर खिलाड़ियों, अधिकारियों, भागीदारों और हितधारकों की सराहना की और टूर्नामेंट में उनके योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। बैंगलोर बादशाह के अमन चौकसे को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया और साथ ही उन्हें 'बेस्ट बॉलर ऑफ द सीरीज' और 'सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी' का पुरस्कार भी मिला।
इस लीग में आठ टीमों ने भाग लिया, जिनमें डेफ हैदराबाद ईगल्स, डेफ बैंगलोर बादशाह, डेफ लखनऊ जायंट्स, डेफ दिल्ली बुल्स, डेफ मुंबई स्टार्स, डेफ कोलकाता वॉरियर्स, डेफ पंजाब लायंस और डेफ चेन्नई ब्लास्टर्स शामिल रहीं।
टूर्नामेंट में अवॉर्ड विजेताओं की सूची:
फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच: जीतन नायक (डेफ कोलकाता वॉरियर्स)
सीरीज का बेस्ट बल्लेबाज: कृष मनीष प्रजापति (डेफ कोलकाता वॉरियर्स)
सीरीज का बेस्ट गेंदबाज: अमन चौकसे (डेफ बैंगलोर बादशाह)
प्लेयर ऑफ द सीरीज: अमन चौकसे (डेफ बैंगलोर बादशाह)
सुपर सिक्सिज अवॉर्ड: दीपक लांबा (डेफ मुंबई स्टार्स)
बेस्ट विकेटकीपर: उमर अशरफ (डेफ कोलकाता वॉरियर्स)
सर्वाधिक विकेट लेने वाला खिलाड़ी: अमन चौकसे (डेफ बैंगलोर बादशाह)
सीरीज का बेस्ट फील्डर: वेणु सिलिवेरू (डेफ बैंगलोर बादशाह)
सीरीज का सबसे तेज खिलाड़ी: समीउल्लाह पठान (डेफ लखनऊ जायंट्स)
--आईएएनएस
आरएसजी