Deadline Alert: आज ही खत्म कर लें ITR, LPG, पासपोर्ट और रेलवे से जुड़े ये 4 जरूरी काम, वरना उठाना होगा बड़ा नुकसान
आज जून के आखिरी दिन यानी 30 जून को आपके फाइनेंस से जुड़े जरूरी कामों को निपटाना होगा. अगर आपने अभी ये जरूरी सरकारी काम पूरे नहीं किए हैं, तो आज ही उन्हें पूरा करने का आखिरी मौका है. समय पर ये काम नहीं करने पर बाद में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.असल में, 1 जुलाई से कुछ नए नियम भी लागू होने जा रहे हैं. इन बदलावों का असर पासपोर्ट बनवाने वालों और ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा. ऐसे में एलपीजी सब्सिडी के लिए e-KYC, इनकम टैक्स से जुड़े क्या-क्या नए काम शामिल हैं, ये जान लें.
इनकम टैक्स से जुड़ा काम
अगर आपने असेसमेंट ईयर 2025-26 के लिए अपना इनकम टैक्स रिटर्न पहले ही फाइल कर दिया है, तो 30 जून आपके लिए अहम तारीख है. इस दिन तक आयकर विभाग कुछ मामलों में आयकर रिटर्न की जांच के लिए नोटिस जारी कर सकता है. ऐसा तब होता है जब विभाग रिटर्न में दी गई जानकारी की पुष्टि करना चाहता है.
अगर आपकी ओर से दी गई जानकारी और विभाग के रिकॉर्ड जैसे Form 26AS, AIS, TIS या बैंक की जानकारी में कोई अंतर दिखाई देता है, तो जांच के लिए नोटिस मिल सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आपने कोई गलती की है. कई बार विभाग केवल रिकॉर्ड का मिलान करने के लिए भी नोटिस भेजता है. इसलिए अगर नोटिस मिले तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय समय पर जवाब देना चाहिए.
LPG सब्सिडी के लिए आज ही पूरा करें e-KYC
अगर आप इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस का एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं और गैस सब्सिडी का फायदा लेते हैं, तो 30 जून तक e-KYC कराना जरूरी है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियां ग्राहकों का रिकॉर्ड अपडेट कर रही हैं ताकि सब्सिडी सिर्फ एलिजिबल लोगों तक ही पहुंचे.अगर तय समय तक e-KYC नहीं कराया जाता है, तो आपका गैस कनेक्शन बंद नहीं होगा. लेकिन सब्सिडी मिलने में रुकावट आ सकती है. बाद में e-KYC कराने के बाद ही सब्सिडी फिर से शुरू हो सकती है, इसलिए किसी भी परेशानी से बचने के लिए समय रहते यह काम पूरा कर लेना बेहतर रहेगा.
1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाने का खर्च बढ़ेगा
अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट को दोबारा जारी कराने की योजना बना रहे हैं, तो 30 जून तक आवेदन करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. सरकार ने पासपोर्ट आवेदन फीस में बढ़ोतरी की है, जो 1 जुलाई से लागू होगी.नई दरों के अनुसार 36 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 2,500 रुपये हो जाएगी, जबकि तत्काल सेवा के लिए 5,000 रुपये देने होंगे. वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये और तत्काल सेवा के लिए 6,000 रुपये होगी. इसके अलावा खोए या खराब हुए पासपोर्ट की जगह नया पासपोर्ट बनवाने पर भी पहले की तुलना में ज्यादा फीस देनी होगी.
रेल यात्रा के नियम भी बदलेंगे
1 जुलाई से भारतीय रेलवे भी कुछ नए नियम लागू करने जा रहा है. बिना टिकट या गलत टिकट के यात्रा करने पर अब पहले से ज्यादा जुर्माना देना होगा. मिनिमम पेनल्टी 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है. इसके साथ यात्रा का किराया भी देना होगा.अगर कोई यात्री अपने टिकट में तय दूरी से आगे तक सफर करता है, तो उस पर लगने वाला अतिरिक्त फीस भी पहले से ज्यादा होगा. हालांकि, गंभीर मामलों में सजा में कोई बदलाव नहीं किया गया है. जरूरत पड़ने पर अदालत छह महीने तक की जेल, एक हजार रुपये तक का पेनल्टी या दोनों की सजा दे सकती है.ऐसे में अगर आपके कुछ जरूरी सरकारी काम अभी बाकी हैं, तो उन्हें 30 जून के भीतर पूरा कर लेना समझदारी होगी. समय पर जरूरी कामों को पूरा करने से न सिर्फ अतिरिक्त खर्च और जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि भविष्य में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिल सकती है.