×

डीडीए ने 6 महीने में 85 प्रतिशत से ज्यादा शिकायतें निपटाईं, हर हफ्ते होती है जनसुनवाई

 

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के लोगों की शिकायतें अब तेजी से सुनी और सुलझाई जा रही हैं। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने जनवरी से जून 2026 तक सिर्फ 6 महीने में 85 प्रतिशत से ज्यादा शिकायतों का निपटारा कर दिया है।

उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के 'जनता पहले' वाले निर्देशों के बाद डीडीए ने अपने काम करने का तरीका बदला। नतीजा ये हुआ कि साल की शुरुआत में डीडीए के पास लंबित शिकायतों की संख्या 22,946 थी, जो जून के अंत तक घटकर सिर्फ 3,167 रह गई।

डीडीए के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान सीपीजीआरएएमएस, एलजी लिसनिंग पोस्ट, सीएम जनसुनवाई, डीआरएमएस, मोबाइल 311 और समस्या निदान सेवा जैसे अलग-अलग प्लेटफॉर्म से आई कुल 19,779 शिकायतों का समाधान किया गया।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने पदभार संभालते ही सभी विभागों को कहा था कि काम में पारदर्शिता लाएं और जनता की समस्याओं को जल्दी सुलझाएं ताकि 'विकसित दिल्ली' का लक्ष्य पूरा हो सके। डीडीए के अधिकारियों के साथ हुई पहली बैठक में ही उन्होंने खास तौर पर कहा था कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और तुरंत निपटारा किया जाए।

शिकायतें कम करने के लिए डीडीए ने हर कामकाजी सोमवार और गुरुवार को 'जनसुनवाई' शुरू की है। इस दिन बिना किसी अपॉइंटमेंट के आम लोग सीधे डीडीए दफ्तर आकर अपनी बात रख सकते हैं।

दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक लोग डिप्टी डायरेक्टर और डायरेक्टर से मिल सकते हैं। वहीं 2:30 से 3:30 बजे तक कमिश्नर और उससे ऊपर के अधिकारी भी लोगों से मिलते हैं। हर महीने औसतन 6,000 लोग इन जनसुनवाई के दिनों में डीडीए दफ्तर आते हैं और अपनी समस्या बताते हैं।

डीडीए के उपाध्यक्ष ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिकायतों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दें। समय-समय पर समीक्षा बैठकें होती हैं और फील्ड यूनिट से लगातार फॉलोअप लिया जाता है ताकि कोई भी मामला ज्यादा दिनों तक लटका न रहे।

डीडीए का कहना है कि आगे भी तकनीक की मदद से शिकायतों पर नजर रखी जाएगी। रेगुलर परफॉर्मेंस रिव्यू, हर हफ्ते जनसुनवाई और अधिकारियों की जवाबदेही तय कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जनता की शिकायतें जल्दी, साफ और ईमानदारी से सुलझें।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम