×

डीसीआईएल भर्ती 2026: ट्रेनी मरीन इंजीनियर समेत 45 पदों पर नौकरी का मौका, 17 जून को वॉक-इन इंटरव्यू

 

अमरावती, 28 मई (आईएएनएस)। ड्रेजिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीसीआईएल) ने संविदा के आधार पर प्रशिक्षु समुद्री इंजीनियर (ट्रेनी मरीन इंजीनियर) समेत विभिन्न 45 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।

डीसीआईएल की ओर से जारी 15 रिक्तियों में प्रशिक्षु समुद्री इंजीनियर (ट्रेनी मरीन इंजीनियर) के 15, प्रशिक्षु विद्युत अधिकारी (ट्रेनी इलेक्ट्रिकल ऑफिसर) के 15 और एनसीवी (टी) के 15 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म को अंतिम तिथि के दोपहर 3 बजे से पहले दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास ट्रेनी मरीन इंजीनियर पद के लिए आईएमयू से संबद्ध किसी भी महाविद्यालय/विभागीय शिपिंग विभाग द्वारा अनुमोदित संस्थान/राज्य या केंद्र सरकार या एआईसीटीई द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से समुद्री अभियांत्रिकी (मरीन इंजीनियरिंग) में चार वर्षीय डिग्री प्राप्त की हो या 4 वर्षीय इंजीनियरिंग डिग्री पूरी करने के बाद किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से समुद्री अभियांत्रिकी में ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त होनी चाहिए।

ट्रेनी इलेक्ट्रिकल ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवारों के पास किसी राज्य या केंद्र सरकार या एआईसीटीई द्वारा मान्यता प्राप्त विद्युत अभियांत्रिकी या इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी या विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी या इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार/संचार अभियांत्रिकी या इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंस्ट्रुमेंटेशन अभियांत्रिकी में 4 वर्षीय डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ उम्मीदवार डीजी शिपिंग द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से चार महीने का इलेक्ट्रो टेक्निकल ऑफिसर कोर्स पूरा किया होना चाहिए।

एनसीवी (टी) पद के लिए कैंडिडेट्स को मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से न्यूनतम एसएससी/10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी के साथ उम्मीदवार प्री-सी जीपी रेटिंग कोर्स और डीजी शिपिंग द्वारा अनुमोदित निकास परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत कुल अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए।

आवेदकों में से योग्य का चयन शैक्षणिक योग्यता, वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रति माह स्टाइपेंड पोस्ट के अनुसार 10,000 से 25,000 रुपए के बीच दिए जाएंगे। इसी के साथ कैंडिडेट्स को प्रति माह पद अनुसार 405 से 600 रुपए के बीच भोजन भत्ता के रूप में दिए जाएंगे।

वॉक-इन इंटरव्यू 23, 24 और 25 जून को सुबह 10 बजे से 'ड्रेज हाउस, एचबी कॉलोनी, सीतम्माधारा, विशाखापत्तनम-530022, आंध्र प्रदेश' पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, बायोडाटा, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्रों, जाति प्रमाण पत्र आदि के मूल और फोटो कॉपी को साथ लाना होगा।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर अपने साथ ले जाएं।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम