Dawood Ibrahim House Demolition: मुंबई में दाऊद के पुराने घर पर चला BMC का बुलडोजर, जर्जर इमारत का हिस्सा गिराने के लिए भारी पुलिस बल तैनात
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुराने घर पर बीएमसी ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित पुरानी और जर्जर इमारत को गिराया जा रहा है। इस कार्रवाई को लेकर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय लोगों के विरोध की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
हालांकि, बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि पूरी मस्जिद को नहीं तोड़ा जाएगा। कार्रवाई केवल इमारत के उस जर्जर हिस्से पर की जा रही है, जिसे खतरनाक घोषित किया गया है। दाऊद इब्राहिम के पुराने घर से जुड़ा होने के कारण इस कार्रवाई पर लोगों और मीडिया की नजरें भी बनी हुई हैं।
क्यों गिराई जा रही है दाऊद के पुराने घर की इमारत?
जानकारी के मुताबिक, पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित यह इमारत काफी पुरानी हो चुकी है। इसकी दीवारों और छत की हालत खराब है और इनके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। इसी वजह से बीएमसी ने इमारत को C-1 श्रेणी में रखा है।
C-1 श्रेणी में उन इमारतों को शामिल किया जाता है जिन्हें बेहद खतरनाक और रहने के लिहाज से असुरक्षित माना जाता है। अधिकारियों के मुताबिक, जर्जर हिस्से को हटाना जरूरी था, ताकि आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विरोध की आशंका के बीच भारी पुलिस बल तैनात
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की नाराजगी को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
कुछ स्थानीय लोगों ने मस्जिद को नुकसान पहुंचने की आशंका को लेकर विरोध जताया है। इस बीच बीएमसी ने दोहराया है कि पूरी मस्जिद को ध्वस्त करने की योजना नहीं है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल खतरनाक हिस्से को हटाना है।
लंबे समय से चर्चा में रही है मुसाफिरखाना इमारत
मुंबई की यह इमारत लंबे समय से चर्चा का विषय रही है। एक तरफ इसकी जर्जर स्थिति और हादसे का खतरा है, तो दूसरी तरफ मस्जिद से जुड़े होने और दाऊद इब्राहिम के पुराने घर के रूप में पहचाने जाने के कारण मामला संवेदनशील बन गया है।
बीएमसी और पुलिस ने किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए पहले से तैयारियां की हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आसपास के लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। फिलहाल इलाके में कार्रवाई जारी है और स्थिति पर पुलिस तथा नगर निगम के अधिकारी नजर बनाए हुए हैं।