दतिया उपचुनाव : शुरुआती रुझान में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को बढ़त
दतिया, 3 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त बनाई हुई है। मतगणना 15 राउंड में होना है इसके लिए कुल 21 काउंटर बनाए गए हैं। दो चरण की मतगणना हो चुकी है जिसमें भाजपा को बढ़त मिली हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहले राउंड में भाजपा आगे रही और दूसरे राउंड में कांग्रेस को बढ़त मिली, मगर कुल मिलाकर भाजपा आगे बनी हुई है. भाजपा की बढ़त 965 वोटों की बनी हुई है।
दरअसल, दतिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था। यहां 71.44 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले थे। सोमवार को मतगणना हो रही है। यहां भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है। मुकाबले को त्रिकोणीय दामोदर यादव ने बनाया है।
मतगणना शुरू होने से पहले कांग्रेस ने एक बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पार्टी के विरोध में उपचुनाव में प्रचार किया था। मतगणना पॉलिटेक्निक कॉलेज में हो रही है। मतगणना सोमवार प्रातः आठ बजे से प्रारंभ हुई। सबसे पहले डाक मतपत्र की गणना की हुई।
इसके उपरांत प्रातः साढ़े आठ बजे से ईवीएम के मतों की गणना शुरू हुई। मतगणना के लिए कुल 21 काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें 20 काउंटर ईवीएम मतगणना तथा 1 काउंटर डाक मतपत्रों की गणना के लिए निर्धारित किया गया है। प्रत्येक मतगणना काउंटर पर तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मतगणना कार्य संपादित करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना के प्रत्येक चरण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।
--आईएएनएस
एसएनपी/एसके