दिल्ली-NCR पर मंडराए काले बादल, शाम को रेड अलर्ट; जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-NCR में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार, 2 सितंबर को राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. बारिश के नए दौर के चलते दिल्ली-NCR के कई इलाकों में मौसम सुहाना होने के साथ-साथ जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी भी बढ़ सकती है.
मंगलवार, 1 सितंबर की शाम दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जिसके बाद राजधानी में आसमान में बादल छाए रहे. मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है. लगातार बादल छाए रहने से तेज धूप निकलने के आसार कम हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. खासकर दिल्ली-NCR के संवेदनशील और निचले इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है. इसके अलावा कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं, कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है.
दोपहर के बाद शाम तक भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. बारिश और बादल छाए रहने के कारण दिन के तापमान में कमी देखने को मिल सकती है.मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को जरूरी होने पर ही घर से निकलने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.