×

दमोह में पीएम सूर्य घर योजना से बिजली खर्च घटा और हो रही अतिरिक्त आमदनी, लाभार्थियों ने जताया सरकार का आभार

 

दमोह, 23 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के दमोह में पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेकर लोगों ने बिजली समस्या से निजात पा लिया है। योजना के तहत घरों की छतें अब छोटे-छोटे पावर हाउस में बदल रही हैं, जिससे न सिर्फ बिजली का खर्च घट रहा है, बल्कि अतिरिक्त आमदनी भी हो रही है। लाभार्थियों ने पीएम मोदी का इस योजना के लिए आभार जताया है।

जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में इस योजना का असर साफ नजर आ रहा है, जहां एक दर्जन से अधिक परिवार सोलर ऊर्जा से जुड़कर लाभ उठा रहे हैं। यहां उपभोक्ताओं ने अपने घरों की छतों पर 3 से 5 किलोवॉट तक के सोलर पैनल लगवाए हैं। पहले जहां गर्मी के मौसम में बिजली का बिल 5 से 7 हजार रुपए तक पहुंच जाता था। वहीं अब यह घटकर महज 400 से 500 रुपए आ रहा है।

इस योजना का लाभ ले रहे संतोष कुमार जैन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाया है, जिस पर उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपए की सब्सिडी मिली। इस सोलर ऊर्जा से वे अपनी किराना दुकान के उपकरणों के साथ-साथ घरेलू जरूरतों को भी आसानी से पूरा कर रहे हैं।

वहीं सत्यनारायण सोनी ने कहा कि उन्होंने 5 किलोवॉट का सोलर कनेक्शन लिया है, जिसमें करीब 2 से 3 लाख रुपए का खर्च आया था, लेकिन केंद्र सरकार ने बड़ी राहत देते हुए 78 हजार रुपए की सब्सिडी भी दी है। सोलर पैनल से बनने वाली बिजली का उपयोग घर के सभी उपकरणों-टीवी, पंखा, फ्रिज, पानी की मोटर और इंडक्शन चलाने में हो रहा है।

लाभार्थी ने कहा कि इस सोलर पैनल के बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली। बिजली विभाग की ओर से मुझे इस बारे में पूर्ण जानकारी मिली। इस योजना की जानकारी मिलने के बाद मैंने घर पर पैनल लगवाया है। सरकार द्वारा सब्सिडी भी मिली है। दिन में 30 यूनिट की बिजली बनाता है। मेरे घर में सभी इलेक्ट्रिक सामान चलता है। बिजली जाने के बाद भी हमारे घर में अंधेरा नहीं होता है। सोलर पैनल लगवाने से पहले 4 हजार रुपए का बिल आता था, अब सिर्फ 400 रुपए मीटर चार्ज के तौर पर देना पड़ा है। इस योजना का लाभ लेते हुए सभी को सोलर पैनल लगवाना चाहिए।

शिवम दुबे ने बताया कि वो खाद, बीज के व्यापारी हैं। उन्होंने अपनी दुकान की छत पर सोलर पैनल लगवाया है। इस योजना की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी। इसके बाद उन्होंने विद्युत विभाग से संपर्क कर 3 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाया। करीब 2 लाख रुपए के इस सोलर पैनल प्रोजेक्ट से उन्हें 78 हजार रुपए की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा सीधे तौर पर उनके खाते में मिली है, जिससे आर्थिक बोझ काफी कम हो गया है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी