दमन में पीएम मोदी के दौरे को लेकर भव्य तैयारी, 'नमो अस्पताल' और 'नमो एयरपोर्ट' का करेंगे उद्घाटन
दमन, 4 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दमन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी करीब 2,970 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 56 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी के दौरे को लेकर भव्य तैयारी की जा रही है।
इस दौरान ‘नमो अस्पताल’ और ‘नमो एयरपोर्ट’ जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन होगा, जबकि आइकोनिक ब्रिज, कन्वेंशन सेंटर सहित कई नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री दमन के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे केंद्र शासित प्रदेश में उत्साह का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दमन पुलिस के साथ-साथ गुजरात और महाराष्ट्र पुलिस की टीमें भी तैनात की गई हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार आठवीं बार इस केंद्र शासित प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं और क्षेत्रवासियों को विकास की कई नई सौगातें देंगे।
प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कॉलेज ग्राउंड में होने वाली जनसभा के लिए बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
नमो अस्पताल और नमो एयरपोर्ट के उद्घाटन से क्षेत्र के स्वास्थ्य और परिवहन क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, आइकोनिक ब्रिज और कन्वेंशन सेंटर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स के शिलान्यास से भविष्य में पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए पूरा दमन सज-धज कर तैयार है और लोग उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
भाजपा नेता अस्पी दमनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8वीं बार दमन आ रहे हैं। पीएम मोदी के दौरे को लेकर यहां उत्साह का माहौल बना हुआ है। प्रधानमंत्री रोडशो करेंगे। मैं चाहता हूं इस दौरान लोग आएं और प्रधानमंत्री को धन्यवाद कहें।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम