×

दक्षिण कोरिया: राष्ट्रपति कार्यालय ने प्योंगयांग के मिसाइल प्रक्षेपण को बताया उकसावे वाली कार्रवाई

 

सोल, 12 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च को उकसावे की कार्रवाई करार दिया है। बुधवार को इमरजेंसी मीटिंग में इसे रोकने की अपील की गई।

योनहाप न्यूज एजेंसी ने बताया कि चियोंग वा डे (राष्ट्रपति कार्यालय) के राष्ट्रीय सुरक्षा कार्यालय की आपातकालीन सुरक्षा समीक्षा बैठक, उत्तर कोरिया के पूर्वी सागर की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागने के कुछ ही देर बाद संपन्न हुई।

चियोंग वा डे ने बताया कि बैठक में ऑफिस ने मिसाइल लॉन्च पर सोल के रुख पर चर्चा की, राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके असर का आकलन किया और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

कार्यालय ने उत्तर कोरिया के लगातार बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च पर भी चिंता जताई। कहा कि प्योंगयांग की ओर से दागे जा रहे बैलिस्टिक मिसाइल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का स्पष्ट उल्लंघन हैं और ऐसे लॉन्च को तुरंत रोकने की जरूरत है।

उत्तर कोरिया ने बुधवार सुबह एक बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था। दक्षिण कोरियाई सेना के मुताबिक, मिसाइल को उत्तर कोरिया के पूर्वी तट स्थित वॉनसान क्षेत्र से करीब सुबह 6 बजे दागा गया और उसने 700 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की। मिसाइल का सटीक प्रकार अभी निर्धारित नहीं किया गया है, लेकिन उड़ान दूरी के आधार पर इसके कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल होने की संभावना जताई जा रही है।

यह एक सप्ताह से भी कम समय में उत्तर कोरिया का दूसरा मिसाइल प्रक्षेपण है। इससे पहले पिछले गुरुवार को भी प्योंगयांग ने पूर्वी सागर की ओर एक कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी।

इस ताजा परीक्षण का समय खास तौर पर महत्वपूर्ण है। दक्षिण कोरिया और अमेरिका अगले सप्ताह अपना प्रमुख वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ शुरू करने वाले हैं। उत्तर कोरिया इन सैन्य अभ्यासों को लंबे समय से युद्ध की तैयारी बताकर उनका विरोध करता रहा है और ऐसे अभ्यासों के आसपास अक्सर अपने हथियारों का परीक्षण करता है।

बुधवार का परीक्षण इस साल उत्तर कोरिया का 11वां मिसाइल प्रक्षेपण बताया गया है।

--आईएएनएस

केआर/