×

दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति का भारत दौरा, जानें क्या है पूरा शेड्यूल

 

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। ली जे-म्योंग 19 से 22 अप्रैल तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और निवेश को नई गति देने पर विशेष जोर रहेगा। दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा का कार्यक्रम कूटनीतिक और आर्थिक दोनों ही दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री कार्यालय के तहत कोरिया इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल इकोनॉमिक पॉलिसी (केआईईपी) में भारत और साउथ एशिया टीम के अध्यक्ष क्यूंगहून किम ने उनके दौरे का पूरा ब्योरा दिया है। उनके अनुसार दोनों देशों की आर्थिक सेहत के लिहाज से ये दौरा बहुत अहम है।

यात्रा की शुरुआत में राष्ट्रपति ली, एस. जयशंकर के साथ शिष्टाचार भेंट करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। इसके बाद वे भारत में रह रहे कोरियाई समुदाय के साथ रात्रिभोज में शामिल होंगे, जो लोगों से लोगों के संबंधों को मजबूत करने का संकेत माना जा रहा है।

अगले दिन राष्ट्रपति ली का औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद उनकी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय शिखर वार्ता होगी।

शिखर बैठक में रक्षा सहयोग, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहनों, हरित ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखला जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी किया जाएगा।

आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रपति ली भारत-कोरिया बिजनेस डायलॉग और बिजनेस फोरम में भी भाग लेंगे, जिसमें दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह मंच निवेश, तकनीकी सहयोग और नई साझेदारियों के अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

उम्मीद है कि यह यात्रा भारत और दक्षिण कोरिया के संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी, खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक स्तर पर आपूर्ति श्रृंखला और तकनीकी सहयोग को लेकर नई चुनौतियां सामने आ रही हैं।

--आईएएनएस

केआर/