दक्षिण कोरिया के पश्चिमी तट पर सात लोगों से भरी नाव लापता, तलाश में जुटा तटरक्षक बल
सोल, 18 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के पश्चिमी समुद्री तट पर सात लोगों को लेकर जा रही मछली पकड़ने वाली एक नाव बुधवार को लापता हो गई। नाव का संपर्क टूटने के बाद तटरक्षक बल ने बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
योनहाप न्यूज एजेंसी ने बताया कि दक्षिण कोरिया के तटरक्षक बल के मुताबिक, 7.93 टन की नाव से बुधवार तड़के करीब एक बजे (स्थानीय समयानुसार) संपर्क नहीं हो पाया। नाव दो दिन पहले सोल से लगभग 110 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित ताएआन बंदरगाह से रवाना हुई थी।
नाव का पता लगाने के लिए तटरक्षक बल ने तत्काल बचाव मुख्यालय सक्रिय किया। घटनास्थल पर नौ गश्ती नौकाएं और दो विमान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आसपास मौजूद निजी नौकाओं और नौसेना से भी तलाशी अभियान में मदद मांगी गई है।
दक्षिण कोरिया के गृह मंत्री यून हो-जुंग ने समुद्री मामलों के मंत्रालय, तटरक्षक बल और संबंधित स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया है कि नाव पर सवार लोगों को जल्द और सुरक्षित बचाने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों और कर्मियों का इस्तेमाल किया जाए।
फिलहाल नाव और उसमें सवार सात लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बचाव अभियान जारी है।
पिछले महीने 5 अक्टूबर को एक नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दक्षिणी रिसॉर्ट द्वीप जेजू के पास 11 लोगों को ले जा रही एक मछली पकड़ने वाली नाव पलट गई थी जिसके 9 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि 2 को नहीं बचा पाई। हालांकि लोगों की संख्या को लेकर नाव चालक ने पहले गलत रिपोर्ट दाखिल की थी। नाव ने अपनी रवानगी रिपोर्ट में बताया था कि उस पर आठ लोग सवार थे, लेकिन अधिकारियों को बाद में पता चला कि असल में उस पर 11 लोग सवार थे।
--आईएएनएस
केआर/