☰
×

दक्षिण कोरिया का दावा, उसके हवाई रक्षा क्षेत्र में घुसे रूसी लड़ाकू विमान

 

सोल, 24 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया का दावा है कि उसके हवाई रक्षा क्षेत्र में मंगलवार की सुबह कई रूसी सैन्य विमान कुछ समय के लिए दाखिल हुए। विमानों के पूर्वी सागर के ऊपर से होते हुए उलुंग द्वीप की ओर बढ़ने के बाद दक्षिण कोरियाई वायुसेना ने लड़ाकू विमान तैनात किए। हालांकि, सेना ने स्पष्ट किया कि रूसी विमानों ने देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन नहीं किया।

योनहाप न्यूज एजेंसी ने बताया कि दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के अनुसार, रूसी विमान सुबह पूर्वी सागर के ऊपर स्थित कोरिया एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (केएडीआईजेड) में दाखिल हुए और उलुंग द्वीप के करीब पहुंचे। इस पर दक्षिण कोरियाई सेना ने एहतियातन लड़ाकू विमान रवाना किए और संभावित स्थिति से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाए।

सेना के मुताबिक, रूसी विमानों ने दक्षिण कोरिया के हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं किया और सैन्य कार्रवाई के बीच ही पहचान क्षेत्र से बाहर निकल गए।

इस घटना के दौरान उलुंग द्वीप के निवासियों के लिए आपात चेतावनी भी जारी की गई। उत्तर ग्योंगसांग प्रांत के प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी थी। हालांकि, चेतावनी हटाने के संदेश में रूसी विमानों को गलती से उत्तर कोरियाई विमान बता दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति पैदा हुई। अधिकारियों ने करीब पांच मिनट बाद अलर्ट वापस ले लिया।

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब दक्षिण कोरिया के हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में रूसी सैन्य विमानों की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले 17 नवंबर को भी कई रूसी सैन्य विमान इसी क्षेत्र में दाखिल हुए थे। उस समय भी दक्षिण कोरिया ने लड़ाकू विमान रवाना किए थे और रूसी विमान बिना हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए बाहर निकल गए थे।

'हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र' किसी देश के संप्रभु हवाई क्षेत्र से अलग होता है। इसका उद्देश्य दूसरे देशों के विमानों की समय रहते पहचान करना और संभावित सैन्य टकराव या दुर्घटना को रोकना है। इस क्षेत्र में प्रवेश करना अपने आप में किसी देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन नहीं माना जाता। हालांकि, बिना पूर्व सूचना के विदेशी सैन्य विमानों की मौजूदगी सुरक्षा संबंधी चिंता पैदा कर सकती है।

रूस और चीन दक्षिण कोरिया के इस हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र पर उसके अधिकार को मान्यता नहीं देते। उनका तर्क है कि ऐसे क्षेत्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून में स्पष्ट आधार नहीं है। जून में भी चीन और रूस के करीब दस सैन्य विमान दक्षिण कोरिया के पूर्वी और दक्षिणी समुद्री क्षेत्रों के ऊपर स्थित हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में दाखिल हुए थे। उस दौरान दोनों देशों की संयुक्त हवाई गतिविधियों की आशंका जताई गई थी।

दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा है कि रूसी विमानों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाए गए।

--आईएएनएस

केआर/