×

दक्षिण कोरिया: इस साल पहली बार पूरे सोल के लिए हीट वेव एडवाइजरी जारी

 

सोल, 29 जून (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया में भी गर्मी खूब पड़ रही है। देश की सरकारी मौसम एजेंसी, कोरिया मौसम विज्ञान प्रशासन (केएमए) ने सोमवार को पूरे सोल के लिए इस वर्ष की पहली हीट वेव (लू) एडवाइजरी जारी की।

एजेंसी के अनुसार, यह एडवाइजरी सुबह 11 बजे से प्रभावी हो गई। इसके साथ ही राजधानी क्षेत्र के अन्य हिस्सों और गोंगजू, च्योंगजू और सेजोंग शहरों में भी हीट वेव एडवाइजरी लागू की गई।

योनहाप न्यूज एजेंसी ने केएमए के हवाले से बताया कि, जब अधिकतम महसूस किया जाने वाला तापमान लगातार दो या अधिक दिनों तक 33 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की आशंका होती है, तब हीट वेव एडवाइजरी जारी की जाती है।

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दक्षिण कोरिया में 29 जून से 2 जुलाई तक पूर्वी सागर (ईस्ट सी) के ऊपर बने उच्च दबाव (हाई-प्रेशर) क्षेत्र का प्रभाव बना रहने की संभावना है। इसके कारण तेज धूप जमीन को गर्म करेगी, जिससे दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी होगी।

29 जून को देशभर में दिन का अधिकतम तापमान 24 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं 30 जून को भी अधिकतम तापमान 23 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 29 और 30 जून को देश के अंदरूनी इलाकों में तेज बौछारें (शॉवर्स) पड़ने की संभावना भी जताई गई है।

इससे पहले 18 जून को सोल के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों के लिए इस वर्ष की पहली हीट वेव एडवाइजरी जारी की गई थी। उस दिन दोपहर 2 बजे से दक्षिणी सोल, आसपास के ग्योंगगी प्रांत के कुछ क्षेत्रों और राजधानी के पश्चिम में स्थित इंचियोन के गंगह्वा काउंटी में चेतावनी लागू की गई थी।

इसके अलावा, सुबह 11 बजे ग्योंगगी प्रांत के हनाम और योजू के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों ग्योंगसान, येचॉन और गुनवी के लिए भी अलग से हीट वेव एडवाइजरी जारी की गई थी।

मौसम विभाग ने लोगों से तेज गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी पीने, लंबे समय तक धूप में रहने से बचने और बुजुर्गों-बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

--आईएएनएस

केआर/