दक्षिण एशियाई देशों ने अवैध वन्यजीव व्यापार से निपटने में सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया
बीजिंग, 12 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई वन्यजीव प्रवर्तन नेटवर्क के आठ सदस्य देशों ने 11 सितंबर को काठमांडू घोषणापत्र को अपनाया, जिसमें समन्वित कानून प्रवर्तन, वित्तीय जांच और आपराधिक न्याय सहयोग के माध्यम से अवैध वन्यजीव व्यापार से निपटने के लिए क्षेत्रीय प्रयासों को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
दक्षिण एशियाई वन्यजीव प्रवर्तन नेटवर्क दक्षिण एशियाई देशों का एक अंतर-सरकारी संगठन है, जिसमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं। इसकी पहली आम सभा 10 से 11 सितंबर तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित की गई थी।
काठमांडू घोषणापत्र में कहा गया है कि अवैध वन्यजीव व्यापार न केवल जैव विविधता बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य, कानून के शासन, सुरक्षा और सतत विकास के लिए भी खतरा है। सदस्य देशों ने अवैध वन्यजीव व्यापार से निपटने के लिए अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
घोषणापत्र में वन्यजीव तस्करों द्वारा डिजिटल प्रौद्योगिकियों और सीमा सुरक्षा खामियों का फायदा उठाने पर चिंता व्यक्त की गई है, और सदस्य देशों ने सम्बंधित अपराधों से निपटने के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी के उपयोग को बढ़ाने का संकल्प लिया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/