×

दबाव से नहीं आती टिकाऊ शांति, अमेरिका को सच्‍ची न‍िष्‍ठा के साथ लौटना होगा: मुंतजिर मेहदी

 

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के विधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत टूटने पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे गंभीर कूटनीतिक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि शांति के लिए अमेरिका को स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध होकर फिर से बातचीत की मेज पर लौटना चाहिए।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के व‍िधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट कर कहा, ''अमेर‍िका और ईरान के बीच बातचीत टूट जाना, एक सच्ची और सम्मानजनक बातचीत की तत्काल जरूरत को दिखाता है। टिकाऊ शांति दबाव या एकतरफा उम्मीदों पर नहीं बनाई जा सकती। इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का अपनी संप्रभुता और गरिमा पर जोर देना तारीफ के काबिल है, और अमेर‍िका को स्थिरता के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता के साथ बातचीत की मेज पर वापस आना चाहिए।''

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को लेकर लगभग 21 घंटे की बातचीत हुई। हालांकि, यह लंबी बातचीत बिना किसी डील के खत्म हो गई।

बातचीत के बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया, “बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं। मुझे लगता है कि यह अमेरिका से कहीं ज्यादा ईरान के लिए बुरी खबर है।”

जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका की तरफ से लगभग एक दिन तक लगातार बातचीत के बाद अपना आखिरी और सबसे अच्छा ऑफर पेश किया गया था। अच्छी नीयत से कई अहम बातचीत हुई, लेकिन प्रस्ताव को अभी मंजूरी मिलनी बाकी है।

ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही बातचीत के बीच कड़ा रुख अपनाया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकई ने कहा कि देश अमेरिका के पिछले वादे तोड़ने को 'न भूला है और न भूलेगा'।

इस्माइल बाकई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, “हमारे लिए डिप्लोमेसी ईरानी जमीन के रक्षकों के पवित्र जिहाद को जारी रखना है। हम अमेरिका के वादे तोड़ने और गलत कामों के अनुभवों को नहीं भूले हैं और न ही भूलेंगे। ठीक वैसे ही जैसे हम दूसरे और तीसरे थोपे गए युद्धों के दौरान उनके और यहूदी शासन द्वारा किए गए जघन्य अपराधों को माफ नहीं करेंगे।” हालांकि, ईरान बातचीत की शुरुआत से पहले भी दोहराता रहा है कि अमेरिका के साथ विश्वास की कमी है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी