Cyclone Update: बंगाल की खाड़ी में तूफान 'अकवान' ने पकड़ी रफ्तार, आंध्र प्रदेश में 145 KM की हवाओं का अलर्ट; ओडिशा भी सतर्क
बंगाल की खाड़ी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। यहां बना डीप डिप्रेशन अब चक्रवाती तूफान 'अकवान' में तब्दील हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इसके और ताकतवर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। तूफान का रुख आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर है। इसके संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन पिछले छह घंटों में करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। अनुमान है कि तूफान 17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 19 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट के नजदीक पहुंच सकता है। वहीं, इसके 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करने की आशंका जताई गई है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ समय के लिए इसकी गति बढ़कर 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक होने का अनुमान है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण तटीय इलाकों में नुकसान की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ओडिशा में 24 घंटे सक्रिय रहेंगे कंट्रोल रूम
संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने सभी जिलों, खासकर दक्षिणी और तटीय क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के सभी जिलों में 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम सक्रिय रखे जाएंगे।
इसके अलावा NDRF, ODRAF, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत-बचाव अभियान चलाने की व्यवस्था की जा रही है।
राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के मुताबिक, पिछले कुछ समय में क्षेत्र में आए चक्रवातों और खराब मौसम के अनुभव को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के मछुआरों को चेतावनी
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में पहले से मौजूद मछुआरों को भी सुरक्षित लौटने के निर्देश दिए गए हैं।
IMD के मुताबिक, तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लुर और चेंगलपट्टू में 17 नवंबर से गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
18 नवंबर से कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पुडुचेरी में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। तमिलनाडु के मछुआरों को 16 से 21 नवंबर के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
तटीय इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह
चक्रवात के संभावित रास्ते में आने वाले इलाकों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और समुद्र तटों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में तूफान की दिशा और तीव्रता के आधार पर अलर्ट में बदलाव हो सकता है।