Cyclone Murasu: आंध्र प्रदेश से तमिलनाडु तक बारिश और बाढ़ का कहर, कई गांव खाली कराए गए
चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का असर दक्षिण और मध्य भारत के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है. आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं, जबकि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तूफान के असर से बारिश हो रही है.
आंध्र प्रदेश में नदी उफान पर, गांवों से पलायन
आंध्र प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. पेड्डा वागु नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे एलुरु जिले में बाढ़ की स्थिति बन गई है. एहतियात के तौर पर करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई है.
चेन्नई में सड़कों पर भरा पानी
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में भी भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं. पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण कई सड़कों पर तेज बहाव देखने को मिल रहा है. आसपास के गांवों में हजारों एकड़ कृषि भूमि पानी में डूब गई है. वहीं, चेन्नई के गोपालपुरम समेत कई निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मध्य प्रदेश के 5 जिलों में बारिश का अलर्ट
चक्रवाती तूफान मुरासु का असर मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी दिखाई दे रहा है. मंगलवार को कई जिलों में बादल छाए रहे. मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटे में सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में आंधी और बारिश की संभावना है.
छत्तीसगढ़ में धान की फसल पर संकट
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में भी तूफान के कारण लगातार दूसरे दिन बारिश हुई. मंगलवार रात तेज बारिश के बाद बुधवार को दिनभर रुक-रुककर पानी बरसता रहा. लगातार बारिश से खेतों में पानी भरने की आशंका है, जिससे धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है. किसानों की चिंता बढ़ गई है.