☰
×

अंडमान सागर में चक्रवात बनने की आशंका, इसरो के उपग्रह ने कैद की बादलों की हलचल; वीडियो में जाने राजस्थान में बारिश का अलर्ट, दिल्ली बनी दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर

 

देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के आईएनएसएटी-3डीएस उपग्रह ने अंडमान सागर के ऊपर बादलों की तेज गतिविधियों को कैद किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इससे नए चक्रवात के बनने की आशंका जताई जा रही है। अगले 48 घंटे इस मौसमी गतिविधि के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इस दौरान पता चलेगा कि कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेता है या नहीं।यदि यह मौसमी सिस्टम चक्रवाती तूफान में बदलता है तो इसका नाम 'अकवान' रखा जाएगा। यह नाम ईरान की ओर से सुझाया गया है। फिलहाल मौसम वैज्ञानिक इसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर जारी है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में सुबह के समय धुंध छाने लगी है।मौसम में आए इस बदलाव के कारण सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।

राजस्थान में दो दिन आंधी-बारिश का यलो अलर्ट

राजस्थान में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तराखंड के सात जिलों में भी आज बारिश होने की संभावना जताई गई है।मौसम में हो रहे इन बदलावों के चलते पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में तापमान प्रभावित हो रहा है। लोगों को सुबह और शाम के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली ने लाहौर को छोड़ा पीछे, दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/TDMeDiCx7XA?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/TDMeDiCx7XA/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

एक तरफ देश के कई हिस्सों में मौसम बदल रहा है, वहीं दूसरी ओर राजधानी दिल्ली में प्रदूषण ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। शुक्रवार को दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गई। इस मामले में दिल्ली ने पाकिस्तान के लाहौर को भी पीछे छोड़ दिया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 दर्ज किया गया। यह गंभीर श्रेणी में आता है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर और भी अधिक रहा। दिल्ली विश्वविद्यालय के आसपास एक्यूआई 478 और आईटीओ क्षेत्र में 455 दर्ज किया गया।वहीं, स्विट्जरलैंड की संस्था आईक्यूएयर के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का एक्यूआई 334 रहा, जो खतरनाक श्रेणी में है। इस सूची में पाकिस्तान का लाहौर 197 एक्यूआई के साथ दूसरे स्थान पर रहा।दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। मौसम में बदलाव के साथ प्रदूषण की गंभीर स्थिति ने राजधानी के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।