Cyclone Akvan: आंध्र-ओडिशा तट से टकराया चक्रवात, 90 kmph की रफ्तार से चल रही हवाएं; 3 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
चक्रवाती तूफान अकवान ने शुक्रवार सुबह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में दस्तक दी। तूफान सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच गोपालपुर तट के पास पहुंचा। लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है, जिसके अगले दो घंटे तक चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।
तीन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तूफान पिछले छह घंटों में करीब 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है।
मौसम विभाग की निगरानी के बीच तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। चक्रवात का असर देश के कुल 10 राज्यों में पड़ने की आशंका है।
ओडिशा में तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
तूफान को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया है। राज्य में करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। प्रभावित लोगों के लिए 2,523 राहत शिविर बनाए गए हैं।
इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए 423 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन की प्राथमिकता तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित रखना और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाना है।
रेलवे ने रद्द कीं 69 ट्रेनें
चक्रवात के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। पूर्वी रेलवे ने 41 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन रोक दिया है। इसके अलावा 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें। तूफान के आगे बढ़ने के साथ मौसम और परिवहन व्यवस्था पर इसके असर को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग अलर्ट पर हैं।