☰
×

Cyber Attack: CIA और अमेरिकी खुफिया एजेंसी ODNI के सिस्टम पर साइबर हमला, NSA-FBI भी पहले हो चुके हैं निशाने पर

 

अमेरिका की खुफिया एजेंसियों CIA और ODNI के कंप्यूटर सिस्टम पर बुधवार को साइबर हमला हुआ। हैकर्स ने ऐसे सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिश की, जहां सार्वजनिक स्रोतों से जुटाई गई खुफिया जानकारियों का विश्लेषण किया जाता है। इन स्रोतों में सोशल मीडिया, इंटरनेट, सैटेलाइट तस्वीरें और निजी डेटा कंपनियों से मिलने वाली सूचनाएं शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि हमले के पीछे किसका हाथ था और इससे कितना डेटा प्रभावित हुआ। अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी ठीक कर दी गई है। साथ ही, किसी गोपनीय जानकारी के प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है।

एक हफ्ते में NSA और FBI के सिस्टम भी निशाने पर

CIA और ODNI से जुड़ी घटना से पहले पिछले हफ्ते अमेरिका की दो अन्य प्रमुख एजेंसियों के सिस्टम में भी सुरक्षा संबंधी समस्याएं सामने आई थीं।

नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का गोपनीय नेटवर्क कुछ समय के लिए बंद हो गया था। वहीं, फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के राष्ट्रीय अपराध सूचना डेटाबेस में सेंधमारी की जांच की जा रही है।

हालांकि, ट्रम्प प्रशासन ने इन घटनाओं के पीछे किसी एक संगठित साइबर हमले की आशंका से इनकार किया है।

राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के मुताबिक, हैकर्स अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से सॉफ्टवेयर की कमजोरियों का तेजी से पता लगा रहे हैं। ऐसे में सरकारी सिस्टम को सुरक्षित रखने के लिए लगातार अपडेट और सिक्योरिटी पैच लगाने की जरूरत बढ़ गई है।

12 से 17 नवंबर तक कई बड़े सिस्टम में आई गड़बड़ी

अमेरिका में 12 से 17 नवंबर के बीच सरकारी एजेंसियों और बड़ी कंपनियों की कई डिजिटल सेवाएं प्रभावित हुईं। इसका असर बैंकिंग, विमानन, होटल बुकिंग और ऑनलाइन सुविधाओं पर पड़ा।

12 नवंबर- माइक्रोसॉफ्ट: आउटलुक, टीम्स और कोपायलट जैसी सेवाओं में गड़बड़ी आई। इससे ईमेल और ऑफिस का काम प्रभावित हुआ। समस्या 14 नवंबर तक जारी रही।

13 नवंबर- अमेरिकी विमानन प्रशासन (FAA): नेटवर्क और राउटर में खराबी के कारण चार घंटे से ज्यादा समय तक उड़ानों पर असर पड़ा। हजारों उड़ानें रद्द होने की जानकारी सामने आई।

16 नवंबर- जेपी मॉर्गन चेस: ऑनलाइन बैंकिंग और मनी ट्रांसफर सेवाएं प्रभावित हुईं।

16 नवंबर- यूनाइटेड एयरलाइंस: कंपनी का सिस्टम 90 मिनट से ज्यादा समय तक प्रभावित रहा। इसके चलते करीब 150 उड़ानों में देरी हुई।

17 नवंबर- NSA: एजेंसी का गोपनीय नेटवर्क NSA Net ठप हो गया। कर्मचारियों को अलग-अलग समय पर कार्यालय बुलाना पड़ा।

17 नवंबर- एपल: एपल म्यूजिक, ऐप स्टोर, एपलकेयर, आईक्लाउड और एपल पे जैसी सेवाओं में परेशानी आई।

17 नवंबर- मैरियट होटल: वेबसाइट और ऐप में गड़बड़ी से होटल बुकिंग और चेक-इन सेवाएं प्रभावित हुईं।

साइबर हमलों से प्रभावित देशों में अमेरिका पहले नंबर पर

माइक्रोसॉफ्ट की डिजिटल डिफेंस रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, साइबर खतरों से प्रभावित देशों की सूची में अमेरिका पहले स्थान पर है। भारत इस सूची में सातवें नंबर पर है।

रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया भर में ट्रैक किए गए साइबर खतरों में भारत की हिस्सेदारी करीब 2.5% रही। यह आंकड़ा बताता है कि साइबर हमले अब केवल बड़ी वैश्विक ताकतों के लिए ही नहीं, बल्कि भारत जैसे तेजी से डिजिटल होते देशों के लिए भी बड़ी चुनौती बन चुके हैं।

साइबर हमलों के तरीके भी बदल रहे हैं

हैकर्स अब पारंपरिक फिशिंग के साथ नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें तीन तरीके तेजी से सामने आए हैं।

1. QR कोड के जरिए फिशिंग: हमलावर ईमेल या PDF में QR कोड भेजते हैं। यूजर इसे स्कैन करता है तो उसे फर्जी वेबसाइट पर पहुंचाया जा सकता है, जहां उसकी निजी जानकारी चुराई जा सकती है। माइक्रोसॉफ्ट ने एक साल में 14.5 करोड़ QR फिशिंग हमलों का पता लगाया।

2. फर्जी CAPTCHA: कुछ वेबसाइटों पर 'मैं रोबोट नहीं हूं' जैसे नकली CAPTCHA या फर्जी एरर मैसेज दिखाए जाते हैं। इनके जरिए यूजर को अपने डिवाइस पर संदिग्ध कमांड कॉपी-पेस्ट करने के लिए उकसाया जाता है। ऐसी गतिविधियां करीब 11 लाख डिवाइस पर दर्ज की गईं।

3. बॉस या HR बनकर धोखाधड़ी: साइबर अपराधी अब कंपनी के अधिकारी, HR, पेरोल टीम, वेंडर या बिजनेस पार्टनर की पहचान अपनाकर कर्मचारियों को निशाना बना रहे हैं। अप्रैल से जून 2026 के दौरान रिपोर्ट किए गए 85% फिशिंग ईमेल में किसी व्यक्ति या संस्था की पहचान की नकल की गई थी।

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों पर सामने आई घटनाएं दिखाती हैं कि सरकारी और निजी संस्थानों के डिजिटल नेटवर्क की सुरक्षा लगातार बड़ी चुनौती बन रही है। AI के बढ़ते इस्तेमाल से साइबर अपराधियों के तरीके भी अधिक जटिल होते जा रहे हैं।