सीएसके के लिए 2 प्वाइंट्स हासिल करने के बाद गायकवाड़ राहत महसूस करेंगे: फाफ डु प्लेसिस
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में जीत के बाद राहत महसूस करेंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ 23 रन से जीत दर्ज की। लगातार तीन हार के बाद यह इस सीजन सीएसके की पहली हार रही।
फाफ डु प्लेसिस ने 'स्टार स्पोर्ट्स' पर कहा, "मुझे लगता है कि ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी बहुत अच्छी रही है। पिछले मुकाबलों में भी उनकी तरफ से कोई ऐसी रणनीतिक चूक या गलती नहीं हुई थी, जिसकी वजह से चेन्नई सुपर किंग्स को नुकसान उठाना पड़ा हो। उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर, आत्मविश्वास हासिल करने के लिहाज से यह जीत बहुत अहम साबित होगी।"
उन्होंने कहा, "इसका असर उनकी बल्लेबाजी में भी दिखेगा। एक कप्तान के तौर पर, कभी-कभी आप नतीजों और अपने आस-पास हो रही घटनाओं के दबाव में आ जाते हैं। अब जब ऋतुराज ने सीएसके के लिए दो प्वाइंट्स हासिल कर लिए हैं, तो वह राहत महसूस करेंगे। अगली बार जब वह बल्लेबाजी करने उतरेंगे, तो उनकी बल्लेबाजी में वह आत्मविश्वास साफतौर पर नजर आएगा।"
टूर्नामेंट के व्यापक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए, डु प्लेसिस ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को भी एक बड़ा खतरा बताया। उन्होंने पंजाब किंग्स को उनकी बल्लेबाजी की गहराई के कारण 'खिताब के प्रबल दावेदारों' में से एक करार दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकारा कि उनकी गेंदबाजी के संसाधनों को लेकर कुछ चिंताएं मौजूद हैं।
उन्होंने कहा, "पंजाब किंग्स के बल्लेबाज बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। एक बार फिर आईपीएल में उन्हें इसका फायदा मिल रहा है। पिछले सीजन में भी, उनके सभी बल्लेबाजों ने टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस सीजन में भी, उनकी बल्लेबाजी इकाई एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर रही है। कप्तान श्रेयस अय्यर टॉप-4 बल्लेबाजों में अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें अब तक रन नहीं मिले हैं, और जब वह आते हैं, तो न सिर्फ एक बड़ा स्कोर बनाते हैं, बल्कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी टीम को जीत भी दिलाते हैं। मुझे लगता है कि पंजाब किंग्स हर मोर्चे पर खरी उतर रही है। वे एक बहुत ही मजबूत टीम हैं।"
उन्होंने कहा, "अभी भी कुछ सवाल हैं। अर्शदीप सिंह शायद उतनी अच्छी गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं, जितनी करना चाहते हैं। मार्को जानसेन का दिन अच्छा नहीं रहा, लेकिन इनमें से कोई भी बात गंभीर नहीं है। मेरे हिसाब से, वे खिताब के दावेदारों में से एक हैं।"
--आईएएनएस
आरएसजी