×

सीपीसीएल में जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट के 60 पदों पर भर्ती, 30 सितंबर तक करें आवेदन

 

चेन्नई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीपीसीएल) ने जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट के विभिन्न 60 पदों पर भर्ती के लिए अपनी वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।

सीपीसीएल की ओर से जारी 60 रिक्तियों में जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट-IV (उत्पादन) के 40, जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट-IV (यांत्रिक) के 10, जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट-IV (विद्युत) के 5 और जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट-IV (इंस्ट्रुमेंटेशन) के 5 पद शामिल हैं।

ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि पहले 11 सितंबर तक तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर अब 30 सितंबर तक कर दिया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए थे, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे सीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित नई अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें, नहीं तो आपके हाथ से एक शानदार मौका निकल जाएगा।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ 3 वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 3 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (सीबीटी), शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, स्किल, प्रोफिशिएंसी और/या फिजिकल टेस्ट (एसपीपीटी) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,000 से 1,05,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/एक्सएसएम और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी