×

काउंटी चैंपियनशिप: हैम्पशायर ने जेडन सील्स को किया साइन, माइकल नेसर की लेंगे जगह

 

हैम्पशायर, 5 मार्च (आईएएनएस)। काउंटी चैंपियनशिप 2026 के शुरुआती ब्लॉक के लिए हैम्पशायर ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स को साइन किया है। सील्स को माइकल नेसर के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है। नेसर को इस महीने (मार्च) की शुरुआत में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बुला लिया था।

हैम्पशायर के क्रिकेट डायरेक्टर जाइल्स व्हाइट ने कहा, "हम इस समर में माइकल नेसर के हमारे साथ न होने से निराश हैं, लेकिन इससे एक नए खिलाड़ी के लिए रास्ता खुल गया है। जेडन सील्स एक ऐसे गेंदबाज हैं, जिनके पास रफ्तार और स्किल है और सबसे जरूरी बात यह है कि उनके अंदर मैच जिताने की भूख है। वह वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलेंगे, जो पिछले दो साल से क्लब से जुड़े हुए हैं। हम उन्हें सीजन की शुरुआत में दमदार प्रदर्शन करते देखने के लिए बेकरार हैं।"

सील्स के पास काउंटी चैंपियनशिप में खेलने का अनुभव मौजूद है। वह इससे ससेक्स की ओर से 10 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 39 विकेट निकाले थे और टीम को डिवीजन वन में प्रमोट करने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में 28.46 के एवरेज से विकेट लिए हैं, जिसमें 2024 में डर्बीशायर के खिलाफ 5-29 का उनका बेस्ट फिगर रहा था।

जेडन सील्स ने साल 2021 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। डेब्यू मैच से पहले उन्होंने सिर्फ एक फर्स्ट क्लास मैच खेला था। सील्स का प्रदर्शन वेस्टइंडीज की ओर से खेलते हुए कमाल का रहा है। सील्स का पहला इंटरनेशनल फाइव-विकेट हॉल जमैका में पाकिस्तान के खिलाफ आया था, जहां उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

तीनों फॉर्मेट को मिलाकर जेडन सील्स वेस्टइंडीज की तरफ से अब तक 64 मैच खेल चुके हैं। सील्स वेस्टइंडीज के पेस अटैक की अगुवाई भी कर चुके हैं। वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा थे। हालांकि, कैरेबियाई टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में फेल रही और टीम को सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में भारत के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट की 3 अप्रैल से वापसी होने जा रही है। काउंटी चैंपियनशिप के पहले मुकाबले में हैम्पशायर का सामना एसेक्स से होगा।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी