विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर जेपी नड्डा, एस. जयशंकर समेत कई नेताओं ने पीड़ितों को किया नमन
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने 1947 के बंटवारे में हुई हिंसा और विस्थापन के पीड़ितों को याद किया और श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने कहा कि यह दिन हमें एकता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सीख देता है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने एक्स पोस्ट में कहा, "विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, हमें उन अनगिनत पीड़ाओं और संघर्षों की याद दिलाता है, जिन्हें विभाजन के दौरान विस्थापन के भयानक दंश सहने पड़े। भारत का विभाजन एक ऐसी त्रासदी थी, जिसकी पीड़ा आज भी अनेक आंखों में झलकती है। राजनैतिक आकांक्षाओं और संकीर्ण विचारधाराओं के चलते धर्म के नाम पर देश का विभाजन हुआ, जिसने रक्तपात, नफरत और अनगणित विस्थापनों के माध्यम से हमारे जनमानस को आहत किया।"
जेपी नड्डा ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस ऐतिहासिक स्मृति दिवस के निर्धारण से हमें उन सभी पीड़ितों की यातनाओं और त्यागों की याद दिलाती है, जिन्होंने अमानवीय परीक्षाएं सहकर नया जीवन बनाया। आज के दिन मैं उन सभी परिवारों को नमन करता हूं, जिन्होंने अपनी जमीन और अपनों को खोकर भी नए सिरे से देश के पुनर्निर्माण में अपना योगदान दिया।"
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर बंटवारे से हुई भारी मानवीय पीड़ा और उसके दूरगामी भू-राजनीतिक नतीजों को याद करें। उन लोगों के साहस और हिम्मत को सलाम करें जिन्होंने अपनी जिंदगी को फिर से संवारा, लेकिन हमें अपने इतिहास के इस दौर से मिले दर्दनाक सबक को भी याद रखना चाहिए।"
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट किया, "विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मैं उन सभी लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाई और हिंसा की विभीषिका तथा विस्थापन का दर्द सहा। उनका साहस, धैर्य और बलिदान देश की स्मृति में सदैव अंकित रहेगा।"
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पोस्ट में कहा, "हम उस जबरदस्ती किए गए बंटवारे के जख्मों को कभी नहीं भूलेंगे, जो मुस्लिम लीग ने मां भारती को दिए थे, जिसमें अनगिनत बेगुनाह लोगों की जान चली गई थी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर हम उन सभी लोगों को याद करते हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई और यह संकल्प लेते हैं कि देश को फिर कभी कोई नुकसान नहीं पहुंचने देंगे।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर पोस्ट किया, "विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें इतिहास की पीड़ा को स्मरण करने के साथ उससे सीख लेकर भविष्य का संकल्प लेने का अवसर देता है। विभाजन की विभीषिका हमें स्मरण कराती है कि एकता और सामाजिक सद्भाव ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विभाजन की असहनीय पीड़ा झेलने वाले सभी परिवारों के साहस, संघर्ष और धैर्य को शत-शत नमन। आइए, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ऐसे विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लें, जहां हर नागरिक सम्मान, सुरक्षा और विश्वास के साथ आगे बढ़े।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर पोस्ट किया, "विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर, हम भारत के बंटवारे के दौरान अपनी जान गंवाने वाले अनगिनत बेगुनाह लोगों और उजड़ गए परिवारों को याद करते हैं। यह हमारे इतिहास का एक दर्दनाक अध्याय है जिसने कई पीढ़ियों पर गहरे जख्म छोड़े। उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि जिन्होंने अपनी मातृभूमि को पीछे छोड़ते हुए अपनी जान गंवा दी।"
--आईएएनएस
ओपी/वीसी