PAK Army से बदला लेने की साजिश? बेंगलुरु में TTP से जुड़े संदिग्ध को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बेंगलुरु पुलिस ने आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। उन्होंने प्रतिबंधित संगठन 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (TTP) का समर्थन करने और पाकिस्तानी सेना पर हमले की साजिश रचने के आरोप में एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया है।
**संदिग्ध की पहचान की पुष्टि**
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान 25 वर्षीय असफुल मलिक के तौर पर हुई है, जो पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नौपारा गांव का रहने वाला है। वह दिसंबर 2025 से बेंगलुरु के जिगानी इंडस्ट्रियल एरिया में एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम कर रहा था। बेंगलुरु पुलिस ने बताया कि संदिग्ध को चार दिन पहले, मंगलवार (11 अगस्त, 2026) को शहर के बोम्मासंद्रा इंडस्ट्रियल एरिया से गिरफ्तार किया गया था।
**पुलिस जांच में क्या पता चला?**
पुलिस जांच में पता चला कि असफुल मलिक के मन में पड़ोसी देश पाकिस्तान में मस्जिदों और आम नागरिकों के खिलाफ पाकिस्तानी सेना की कथित कार्रवाई को लेकर गहरी नाराजगी थी। पुलिस का दावा है कि असफुल फेसबुक के जरिए इमरान अहिंदर नाम के एक अफगान नागरिक के संपर्क में था। आरोप है कि TTP में शामिल होने के बाद, मलिक ने अफगानिस्तान जाने के लिए पासपोर्ट हासिल करने में मदद मांगी और पाकिस्तानी सेना से बदला लेने के इरादे से वीजा के लिए भी आवेदन किया; हालांकि, बाद में उसने यह योजना छोड़ दी।
**आरोपी के मोबाइल फोन से सबूत और रिकॉर्डिंग बरामद**
बेंगलुरु पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन से पाकिस्तानी सेना के खिलाफ कथित साजिश से जुड़े सबूत और ऑडियो रिकॉर्डिंग बरामद की गई हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपी के संपर्कों तथा कथित आतंकवादी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।