×

कांग्रेस युवाओं को भ्रमित करती है, पीएम मोदी के नेतृत्‍व में देश तीसरी अर्थव्‍यवस्‍था बनने की ओर अग्रसर: राम कदम

 

मुंबई (महाराष्ट्र), 16 अगस्‍त (आईएएनएस)। भाजपा नेता राम कदम ने कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है, जिसमें उन्‍होंने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार युवाओं के भविष्‍य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्‍होंने कहा कि खड़गे देश के युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्‍व में आज देश तीसरी अर्थव्‍यवस्‍था की ओर अग्रसर है।

भाजपा नेता राम कदम ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे अब उम्रदराज हो चुके हैं। या तो उनकी जानकारी अधूरी है, या उन्हें जानकारी देने वाले लोग उन्हें गुमराह कर रहे हैं। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देखिए, वहां सड़कें कैसे बन रही हैं। रेलवे, टेक्नोलॉजी और दूसरे सेक्टरों को देखिए। भारत अब 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और पीएम मोदी के नेतृत्व में जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।"

उन्‍होंने तंज कसते हुए कहा कि आप (खड़गे) देश के युवाओं को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। देश में क्‍या चल रहा है, इसकी जानकारी जेनजी को भलीभांति है।

कांग्रेस मुख्‍यालय में स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्‍ट्रगीत के दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी असहज हो गई और चिंतित दिखीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमें कौन सा गीत बजाना है, यह हम तय करते हैं।

विधायक राम कदम ने आईएएनएस से कहा, "वंदे मातरम एक वाक्यांश है, एक ऐसा गीत है जिसके शब्दों ने हजारों शहीदों को 'वंदे मातरम' कहते हुए भारत माता के लिए खुशी-खुशी फांसी का फंदा गले लगाने के लिए प्रेरित किया। क्या यह उन शहीदों का अपमान नहीं है? आप वंदे मातरम बजाना नहीं चाहते, और वंदे मातरम कहते हुए उसका अपमान करते हैं। यह सब समझते हुए भी, कांग्रेस एक खास वर्ग को खुश करने की कोशिश कर रही है।"

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस मुख्‍यालय में राष्‍ट्रगीत वंदे मातरम का गायन नहीं होगा तो क्‍या पाकिस्‍तान का गीत गाया जाएगा? विदेश में जाकर भी राहुल गांधी मां भारती की छवि धूमिल करते हैं। अगर हमारे देश के दुश्‍मन इतना पसंद हैं तो आप इस देश में क्‍या कर रहे हैं। जिसे वंदे मातरम कहने और सुनने में शर्म आती है, क्‍या ऐसे व्‍यक्ति का इस देश से प्रेम है? इसका चिंतन कांग्रेस दल को करना होगा क्‍योंकि देश आपको देख रहा है। जनता ने विगत तीन लोकसभा चुनावों में आपको औकात दिखा दी है।

इसी बीच, उन्‍होंने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर कहा कि मैं खुद को खुशकिस्मत हूं कि मुझे अटल जी से बहुत करीब से मिलने का मौका मिला।

राम कदम ने कहा, "आज स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि है। अटल जी के कार्यकाल के दौरान देश में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुईं, जिनमें पोखरण परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में जीत शामिल है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे बचपन और जवानी के दिनों में अटल जी से बहुत करीब से मिलने का मौका मिला।"

--आईएएनएस

एएसएच/पीएम