×

कांग्रेस सेल्‍फ गोल कर रही है, देश की जनता देगी जवाब : शाहनवाज हुसैन

 

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। देश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी को लेकर विवाद तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस बार-बार प्रधानमंत्री को निशाना क्यों बनाती है?

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्‍होंने पीएम मोदी के लिए अशोभनीय शब्‍दों का प्रयोग किया है। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस सेल्‍फ गोल कर रही है।

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने बड़ी गलती की है और यह ऐसा गुनाह है, जिसकी कोई माफी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद ही 'सेल्फ गोल' कर रही है और इसका खामियाजा उसे भविष्य में भुगतना पड़ेगा। उनके अनुसार, देश की जनता इस तरह की राजनीति का जवाब जरूर देगी।

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे ने प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कभी भी किसी प्रधानमंत्री के खिलाफ इतने कठोर और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल होते नहीं देखा।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी विपक्ष द्वारा उनके प्रति इस्तेमाल की गई भाषा दुखद और पीड़ादायक थी।

वहीं, कांग्रेस नेता पवन बंसल ने इस विवाद पर सफाई देते हुए अलग दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को 'आतंकवादी' नहीं कहा, बल्कि यह कहा था कि विरोधियों को 'आतंकित' किया जा रहा है।

बंसल के मुताबिक, 'टेरराइज' और 'टेररिस्ट' शब्दों में स्पष्ट अंतर है, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई ऐसे उदाहरण हैं, जहां विपक्षी नेताओं पर मामले दर्ज किए जाते हैं और राजनीतिक दबाव बनाया जाता है। बंसल ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर खड़गे पहले ही स्पष्टीकरण दे चुके हैं और उनके बयान को गलत अर्थों में लिया गया है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम