कांग्रेस सांसदों ने कहा- सीईसी ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है और इस्तीफें की मांग तेज हो गई है।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में जो स्थिति बनी हुई है, उसमें चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) द्वारा किए गए काम को लेकर लोगों में विश्वास नहीं है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने बंगाल, असम, हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के चुनाव को चोरी किया गया। ऐसे में आंदोलन करना स्वाभाविक है। लोगों के मन में चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर भरोसा नहीं है। इसीलिए, विपक्ष की लड़ाई जारी रहेगी, क्योंकि यह ऐसी सरकार है जो लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक विपक्ष रुकने वाला नहीं है।
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने भी ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। दरभंगा में मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी जो तीन साल से वोट चोरी का आरोप लगा रहे थे, वह अब दुनिया के सामने है।
उन्होंने दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशन के बंद होने पर तंज कसते हुए कहा कि गांधी जयंती के दिन दिल्ली में मेट्रो स्टेशन कई घंटों के लिए बंद कर दिए गए। आम आदमी से उसके आजादी के 11 घंटे छीन लिए गए।
उन्होंने दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दिल्ली में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। जिस देश में संविधान सुरक्षित नहीं हैं और आम आदमी के वोट देने के अधिकार पर सवाल उठ रहे हैं, वहां लोकतंत्र को लेकर चिंता स्वाभाविक है।
पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडी गठबंधन लगातार ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठा रहा है। पिछले तीन वर्षों से राहुल गांधी इस मुद्दे को लगातार देश और दुनिया के सामने रखते आ रहे हैं और आम आदमी के वोट के अधिकार को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हम लोग राहुल गांधी के साथ इस लड़ाई को लड़ने के लिए एकजुट हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/एएस