×

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का भाजपा सरकार पर हमला, विरोध प्रदर्शन रोकने पर उठाए सवाल

 

चंडीगढ़, 25 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है और सरकार इसे छीनने का प्रयास कर रही है। मनरेगा योजना की समाप्ति के खिलाफ हरियाणा कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मीडिया से बातचीत के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष में असहमति होना, प्रजातंत्र का गहना है। प्रदेश की भाजपा सरकार मनरेगा योजना समाप्त कर रहे हैं। सरकार 14 लाख बीपीएल कार्ड काट रही है। इन बातों को लेकर हम एक विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं।

इस तरह के विषयों पर विरोध प्रदर्शन करना प्रजातंत्र में विपक्ष का अधिकार है, जनता का अधिकार है। आज तक कभी इस तरह से नोटिस लगाकर प्रदर्शन की अनुमति नहीं देना, यह मैंने नहीं देखा। मैं 22 साल से देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद का सदस्य हूं। दिल्ली से चंडीगढ़ तक जब कोई बात आती है, तो हम प्रदर्शन करते हैं। जब भाजपा विपक्ष में थी, तब वह करती थी। पुलिस ने बहुत से नेताओं को हाउस अरेस्ट करने जैसा कार्य किया है।

इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सत्ता के अहंकार में गिरफ्तार कर 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजना हमारे लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। तानाशाह सरकार यह भूल रही है कि युवाओं का आवाज उठाना, सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि प्रजातंत्र का हिस्सा है।

हरियाणा कांग्रेस के चीफ राव नरेंद्र सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि फरीदाबाद, हिसार, महेंद्रगढ़, करनाल, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, पलवल और अंबाला सहित अनेक जिलों में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों, उनकी टीमों और वरिष्ठ नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है।

शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध को इस प्रकार दबाने का प्रयास यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार जन आवाज से भयभीत है। जनता के सवालों से भागकर, कार्यकर्ताओं को घरों में नजरबंद कर देना लोकतंत्र की भावना के विरुद्ध है। आप हमें जनता के हक की आवाज उठाने से नहीं रोक सकते। याद रखिए-विचारों को कैद नहीं किया जा सकता। हम संविधान की शक्ति के साथ खड़े हैं और जनहित की यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी