☰
×

किश्तवाड़ में दो एसपीओ की मौत पर कांग्रेस ने सेना पर उठाए सवाल, वीडियो में प्रदेश अध्यक्ष बोले- शिकार करने गए थे जवान, आतंकियों के शक में मारी गोली; भाजपा ने कहा- आतंकियों को क्लीन चिट देने की कोशिश

 

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) रशपाल कुमार और बाबी चंद की मौत को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा ने इस मामले में सेना पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि दोनों एसपीओ सादे कपड़ों में शिकार करने गए थे, लेकिन सेना ने उन्हें आतंकी समझकर गोली मार दी। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को जवानों के बलिदान का अपमान बताते हुए पलटवार किया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद करा के बयान के बाद जम्मू-कश्मीर की राजनीति में इस मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। करा ने कहा कि दोनों एसपीओ की मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया आतंकियों को क्लीन चिट देने का आरोप

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/J35vA9pLirU?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/J35vA9pLirU/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

कांग्रेस के आरोपों पर नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक सुनील शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के बयान देकर आतंकियों को क्लीन चिट देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बलिदान देने वाले जवानों को शिकारी बताकर कांग्रेस उनके बलिदान और उनके परिवारों की भावनाओं का अपमान कर रही है।भाजपा विधायक के मुताबिक, इस तरह के बयान से सुरक्षा बलों के अभियान और जवानों के बलिदान पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को अनुचित बताया।

11 नवंबर को मिले थे दोनों एसपीओ के गोलियों से छलनी शव

जानकारी के मुताबिक, दोनों एसपीओ रशपाल कुमार और बाबी चंद के शव 11 नवंबर को देहरना और कियार गांव के बीच मिले थे। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान थे। घटना के बाद सेना की ओर से बताया गया था कि दोनों एसपीओ की तैनाती स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के साथ थी।सेना के अनुसार, दोनों जवान मड़वा के धरना पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर उनके हथियार भी लूटकर ले गए थे।

तीन आतंकियों के पोस्टर जारी, 30 लाख का इनाम घोषित

इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सुरक्षाबल और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटे हैं।

डंपर में शव लाने को लेकर भी हुआ था विवाद

दोनों एसपीओ के शव गांव लाए जाने के तरीके को लेकर भी विवाद सामने आया था। भाजपा विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मियों के शवों को ताबूत के बिना डंपर में रखकर उनके गांव लाया गया। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए जवानों के सम्मान और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की बात कही थी।फिलहाल दोनों एसपीओ की मौत को लेकर सेना और कांग्रेस के दावों में अंतर सामने आया है। एक तरफ सेना ने इसे आतंकियों का हमला बताया है, वहीं कांग्रेस ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।