×

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम सीएम पर फिर साधा निशाना, परिवार के विदेशी लिंक को लेकर उठाए सवाल

 

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। असम चुनाव से पहले मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जोर पकड़ता जा रहा है। इस क्रम में पवन खेड़ा ने बुधवार को एक बार फिर सीएम सरमा और उनके परिवार के कथित विदेशी लिंक को लेकर निशाना साधा।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पवन खेड़ा का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो असम मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़े विदेशी लिंक पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस ने इस वीडियो के साथ लिखा कि मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा एक अज्ञात स्थान से असम के भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के लिए नए खुलासे और कुछ और सवाल लेकर आए हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हुए हैं। बजाए सवालों का जवाब देने के अपनी पुलिस की धौंस दिखा रहे हैं।

कांग्रेस ने कहा कि पवन खेड़ा पार्टी के मजबूत सिपाही हैं, वो इन गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने आपसे पहले भी सवाल पूछे हैं, आज और भी नए सवालों के साथ आपके सामने हैं। हिम्मत है तो जवाब दीजिए, पुलिस के पीछे छिपकर और अमर्यादित भाषा बोलकर कुछ होगा नहीं। असम की जनता आपका सारा कच्चा चिट्ठा जान चुकी है। कल आपके खिलाफ फैसला सुनाएगी।

वहीं, पवन खेड़ा ने वीडियो में कहा कि पिछले दो दिनों से असम के मुख्यमंत्री और पुलिस मेरे खिलाफ अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। दिल्ली स्थित मेरे फ्लैट पर मेरी और मेरे परिवार की गैर-मौजूदगी में पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस वाले मेरे घर से फोन और लैपटॉप समेत कुछ उपकरण उठाकर ले गए। अब मैं जहां भी जाता हूं, ये मेरे पीछे पुलिस भेज रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमने सवाल पूछने के अलावा कोई गुनाह तो नहीं किया। बड़ा सवाल यह है कि भाजपा मुझे और मेरी पार्टी को चुप क्यों कराना चाहती है, बजाय इसके कि उनको सवालों का जवाब देने में क्या परेशानी है। अगर उनको लगता है कि हम डर जाएंगे तो यह उनका मुगालता है। मैं मेवाड़ का रहने वाला हूं, कांग्रेसी हूं और राहुल गांधी का सिपाही हूं। ऐसे में डरने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता।

उन्होंने कहा कि क्योंकि मुझे बोलते रहना है और सवाल पूछते रहना है, इसलिए मैं आपकी पुलिस को जरूर अवॉइड कर रहा हूं। लेकिन जो कागज हमारे पास आए और लोगों ने हमें बताए... वो हमने आप सबके साथ साझा किए हैं। हालांकि माना जा रहा था कि आप जांच बैठाएंगे, लेकिन आपने पुलिस छोड़ दी।

उन्होंने कहा कि हमारे पार्टी अध्यक्ष, जिनका राजनीतिक अनुभव आपकी उम्र से ज्यादा है... उनके खिलाफ ऐसे अपशब्द असम के लोग बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि रिनिकी सरमा के नाम से कुछ और संदेहास्पद जानकारियां निकलकर आई हैं, जिनकी जांच होनी चाहिए। जो-जो जानकारियां हमारे पास आ रही हैं, हम उन्हें आपके साथ साझा कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि इजिप्ट का पासपोर्ट, गोल्डन वीजा ऑफ यूएई और एंटीगुआ का पासपोर्ट असली है या नकली, इसकी जांच होनी चाहिए। क्या आपने या आपके परिवार के किसी सदस्य या किसी एजेंट ने फेक केवाईसी दस्तावेज के जरिए ये सेल कंपनियां खोलीं और संपत्ति खरीदी, इसकी भी जांच होनी चाहिए। सवाल पूछना हमारा कर्तव्य है। केंद्र सरकार का कर्तव्य इन मामलों की जांच करना है।

उन्होंने कहा कि सीएम सरमा का भाई असम पुलिस में है, उनकी पत्नी और बेटे दुबई में रहते हैं। उनका बच्चा दुबई इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ता है, जिसकी फीस 21 लाख सालाना है। क्या यह सच है? हम राजनीति में परिवार को टारगेट नहीं करना चाहते, लेकिन बस इस सवाल का जवाब चाहते हैं। क्योंकि आप चुनाव को देख रहे हैं और हम असम के लोगों और उनकी उम्मीदों को देख रहे हैं।

--आईएएनएस

एमएस/एबीएम