×

कांग्रेस ने हमेशा भगवान राम का तिरस्कार किया: भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह

 

नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कांग्रेस पर राम विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस को छोड़कर भगवान राम देश के लोगों के लिए आस्था का केंद्र हैं। कांग्रेस ने हमेशा से ही भगवान राम का तिरस्कार किया है, जो पूरी तरह से अनुचित है।

उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से ही भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया है। उस प्रसंग को बिल्कुल भी नहीं भुलाया जा सकता है, जब सोनिया गांधी के नेतृत्व में यह कहा गया था कि भगवान राम का सत्यता से कोई सरोकार नहीं है, वो सिर्फ काल्पनिक हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अयोध्या स्थित राम मंदिर जा सकते हैं, इस पर भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि राहुल गांधी भगवान राम का दर्शन करने के लिए जा रहे हैं। देश के लोगों की आस्था भगवान राम से जुड़ी हुई है। अब देश को उस पल का इंतजार है, जब राहुल गांधी अयोध्या राम मंदिर का दर्शन करने के लिए जाएंगे।

उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहा हमला दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी स्थिति में जहां कहीं पर भी हिंदुओं पर हमला हो रहा है, उन्हें वहां के दूतावास में जाकर मदद की गुहार लगानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार हो रहा हमला दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह के हमले को एक सभ्य समाज में किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। हमें पूरी उम्मीद है कि आगामी दिनों में बांग्लादेश की सरकार हिंदुओं पर हो रहे हमले के प्रकरण में हस्तक्षेप करेगी। अगर वे ऐसा करने में सफल रही, तो हमें उम्मीद है कि हालात दुरूस्त होंगे।

आरपी सिंह ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि हम इस देश में किराएदार नहीं, बल्कि मालिक हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सबसे पहले तो ओवैसी को यह बात समझनी होगी कि इस देश में न ही कोई किराएदार है और न ही मुसलमान। इसमें मुल्क में सभी की हिस्सेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में अगर हम चाहते हैं कि देश का विकास दोहरी गति से हो, तो इसके लिए हमें समाज के विभिन्न तबके के लोगों के हिस्सेदारी की आवश्यकता है। इसी दिशा में केंद्र की मौजूदा सरकार काम कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने आतिशी के सिख गुरु के संबंध में दिए बयान को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि आतिशी यह दावा कर रही है कि उन्होंने इस तरह का कोई भी बयान नहीं दिया, लेकिन, वो झूठ नहीं बोल सकती, क्योंकि विधानसभा में बाकायदा इसका वीडियो मौजूद है। इससे इस बात की साफ पुष्टि हो रही है कि उन्होंने सिख गुरु का अपमान किया है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। आतिशी इस पूरे मामले में पंजाब सरकार का संरक्षण लेकर खुद को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्हें अपने इस बयान को लेकर माफी मांगनी होगी।

उन्होंने महाराष्ट्र को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में किसी भी तरह से क्षेत्रवाद की बात करना उचित नहीं है। महाराष्ट्र की संस्कृति में किसी भी तरह के अमर्यादित बयान को स्वीकार करना ठीक नहीं है।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी